इस्कॉन लखनऊ समर कैंप: बच्चों ने रंगों और कृष्ण लीलाओं के माध्यम से सीखा आध्यात्मिक संदेश

लखनऊ। अंतर्राष्ट्रीय कृष्ण भावनामृत संघ (इस्कॉन) लखनऊ द्वारा आयोजित किड्स समर कैंप का पंचम दिवस मंदिर अध्यक्ष अपरिमेय श्याम प्रभु जी के निर्देशन एवं उनकी धर्मपत्नी अचिंत्य रूपिणी माता जी के मार्गदर्शन में भक्ति और उत्साह के वातावरण के बीच संपन्न हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत श्रीश्री राधारमण बिहारी भगवान के मंगल दर्शन से हुई, जिसमें बच्चों ने श्रद्धा और आनंद के साथ भाग लिया।

इसके बाद बच्चों को राधा-कृष्ण प्रणाम मंत्र सिखाए गए तथा उन्हें भक्ति, संस्कार और आध्यात्मिक जीवन के महत्व के बारे में प्रेरणादायक जानकारी दी गई। कैंप में उपस्थित बच्चों ने पूरे उत्साह के साथ विभिन्न गतिविधियों में भाग लिया और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

रंग प्रतियोगिता और कृष्ण लीला लेखन बना आकर्षण का केंद्र

कैंप के विशेष आकर्षण के रूप में 5 से 10 वर्ष तक के बच्चों के लिए रंग प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में बच्चों ने गोवर्धन लीला से जुड़े चित्रों में आकर्षक रंग भरकर अपनी कल्पनाशक्ति और रचनात्मकता का परिचय दिया। वहीं 11 से 15 वर्ष तक के बच्चों के लिए “कृष्ण लीला लेखन प्रतियोगिता” आयोजित की गई, जिसमें प्रतिभागियों ने भगवान श्रीकृष्ण की विभिन्न लीलाओं को सुंदर शब्दों में प्रस्तुत कर सभी को प्रभावित किया। पूरे दिन कैंप परिसर भक्ति, उल्लास और सकारात्मक ऊर्जा से सराबोर रहा। बच्चों के चेहरों पर उत्साह और आनंद स्पष्ट रूप से देखने को मिला।

दिव्य प्रसाद का बच्चों ने लिया आनंद

कार्यक्रम के समापन पर सभी बच्चों को दिव्य प्रसाद के रूप में फ्राइड राइस, मंचूरियन एवं जूस वितरित किया गया। बच्चों ने प्रसाद ग्रहण कर आनंद व्यक्त किया और कैंप के अनुभव को यादगार बताया।