13 मई को मोहिनी एकादशी: इस्कॉन मंदिर में होगी विशेष भागवत कथा और ऑनलाइन प्रसारण

लखनऊ। इस्कॉन मंदिर के अध्यक्ष अपरिमेय श्याम प्रभुजी ने सोमवार को जानकारी देते हुए बताया कि 13 मई बुधवार को मोहिनी एकादशी मनाई जाएगी। उन्होंने कहा कि सनातन वैदिक परंपरा के अनुसार भक्तों को सदैव द्वादशी प्रधान एकादशी का व्रत रखना चाहिए, अर्थात ऐसी एकादशी जिसमें दशमी तिथि का लेशमात्र भी मिश्रण न हो।

उन्होंने बताया कि द्वादशी प्रधान एकादशी भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति और कृष्ण भावनामृत को बढ़ाने वाली मानी जाती है तथा इसका विशेष आध्यात्मिक फल प्राप्त होता है। प्रभुजी ने सभी श्रद्धालुओं से आग्रह किया कि एकादशी के दिन अन्न ग्रहण न करें और विधिपूर्वक व्रत का पालन करें।

सुबह 6 बजे होगी श्रीमद्भागवत कथा, ज़ूम पर भी मिलेगा जुड़ने का अवसर

मंदिर प्रशासन की ओर से बताया गया कि प्रत्येक एकादशी की भांति इस बार भी इस्कॉन मंदिर में सुबह 6 बजे श्रीमद्भागवत की विशेष कक्षा आयोजित की जाएगी। यह कक्षा मंदिर अध्यक्ष अपरिमेय श्याम प्रभुजी द्वारा भक्तों को संबोधित करते हुए संचालित की जाएगी।

जो श्रद्धालु मंदिर तक नहीं पहुंच सकते, उनके लिए इस कार्यक्रम का सीधा प्रसारण ज़ूम के माध्यम से भी किया जाएगा। भक्तगण मंदिर में उपस्थित होकर अथवा ऑनलाइन जुड़कर कथा एवं भजन-कीर्तन का लाभ प्राप्त कर सकते हैं। मंदिर अध्यक्ष ने बताया कि एकादशी व्रत रखने के साथ-साथ द्वादशी तिथि में समयानुसार व्रत का पारण करना भी अत्यंत आवश्यक माना गया है।

मोहिनी एकादशी व्रत का पारण 14 मई 2026, गुरुवार को सुबह 05:19 बजे से 09:48 बजे तक किया जाएगा।

ज़ूम से जुड़ने का विवरण
ज़ूम आईडी : 81097984237
पासवर्ड : 2021
14 मई को होगा व्रत पारण