व्यापारियों की सुरक्षा पुलिस की प्राथमिकता: एसएसपी कुंवर अनुपम सिंह


जौनपुर। व्यापारियों की सुरक्षा और बाजारों में बेहतर कानून-व्यवस्था को लेकर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जौनपुर कुंवर अनुपम सिंह ने गुरुवार को पुलिस लाइन सभागार में विभिन्न व्यापार मंडलों के पदाधिकारियों एवं व्यापारी बंधुओं के साथ गोष्ठी की। बैठक में व्यापारियों की सुरक्षा, बाजारों में यातायात व्यवस्था तथा आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।
एसएसपी कुंवर अनुपम सिंह ने व्यापारियों से सीधे संवाद करते हुए उनकी समस्याएं और सुझाव सुने। उन्होंने कहा कि व्यापारिक प्रतिष्ठानों और बाजार क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने व्यापारियों से भी सुरक्षा व्यवस्था में पुलिस का सहयोग करने की अपील की।
प्रतिष्ठानों पर सीसीटीवी लगाने की अपील
एसएसपी ने व्यापारियों से अपने-अपने प्रतिष्ठानों और आसपास के क्षेत्रों में सीसीटीवी कैमरे लगवाने तथा उन्हें हर समय क्रियाशील रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि सीसीटीवी कैमरे किसी भी आपराधिक घटना की जांच में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इसके साथ ही उन्होंने संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि दिखाई देने पर तत्काल स्थानीय पुलिस को सूचना देने की अपील की।
साइबर ठगी को लेकर किया जागरूक
बैठक में बढ़ते साइबर अपराध और ऑनलाइन ठगी के मामलों को लेकर भी व्यापारियों को जागरूक किया गया। एसएसपी ने कहा कि किसी भी अज्ञात व्यक्ति के साथ बैंकिंग संबंधी अथवा व्यक्तिगत जानकारी साझा न करें। किसी तरह की साइबर ठगी होने पर समय गंवाए बिना साइबर हेल्पलाइन और पुलिस को सूचना दें, ताकि धनराशि को सुरक्षित करने के लिए तत्काल कार्रवाई की जा सके।
उन्होंने व्यापारियों को आश्वस्त किया कि व्यापारियों और आमजन की सुरक्षा जौनपुर पुलिस की प्राथमिकता है। उनकी समस्याओं के त्वरित निस्तारण के लिए पुलिस सदैव तत्पर है।
गोष्ठी सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई। इस दौरान व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन को सुरक्षा व्यवस्था बेहतर बनाने में हर संभव सहयोग देने का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक नगर, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण सहित जनपद के समस्त क्षेत्राधिकारी मौजूद रहे।