आगामी त्योहारों को लेकर कासगंज पुलिस अलर्ट, एसपी ओपी सिंह ने सहावर में किया पैदल गश्त


ओपी सिंह ने आगामी त्योहारों और शांति व्यवस्था को लेकर जनपद में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इसी क्रम में थाना सहावर क्षेत्र के मुख्य बाजार, भीड़-भाड़ वाले इलाकों और संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस बल के साथ पैदल गश्त किया गया। गश्त के दौरान पुलिस अधिकारियों ने लोगों से संवाद कर सुरक्षा संबंधी फीडबैक भी लिया।
एसपी ने आमजन और व्यापारियों से अपील की कि सभी लोग आगामी त्योहारों को आपसी भाईचारे और शांतिपूर्ण माहौल में मनाएं। साथ ही सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार की भ्रामक या भड़काऊ पोस्ट शेयर न करने तथा अफवाहों पर ध्यान न देने की सलाह दी गई।
पैदल गश्त के दौरान पुलिस अधीक्षक ने पुलिस कर्मियों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की सघन चेकिंग करने, बाजारों में लगातार निगरानी रखने और जनता के साथ शालीन व्यवहार बनाए रखने को कहा गया।
एसपी ने प्रभारी निरीक्षक सहावर गोविंद बल्लभ शर्मा को क्षेत्र में लगातार भ्रमणशील रहने तथा असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए।
इस दौरान क्षेत्राधिकारी सहावर शाहिदा नसरीन, प्रभारी निरीक्षक सहावर गोविंद बल्लभ शर्मा समेत पुलिस बल मौजूद रहा।