
कासगंज। पुलिस अधीक्षक ओम प्रकाश सिंह के निर्देशन में पुलिस लाइन कासगंज में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे रिक्रूट आरक्षियों के साथ एक विशेष संवाद गोष्ठी का आयोजन किया गया। गोष्ठी का उद्देश्य प्रशिक्षणाधीन आरक्षियों का मनोबल बढ़ाना, उनकी समस्याओं को सुनना तथा उन्हें पुलिस सेवा के उच्च आदर्शों और कर्तव्यों के प्रति जागरूक करना था।
गोष्ठी के दौरान पुलिस अधीक्षक ओम प्रकाश सिंह ने रिक्रूट आरक्षियों से व्यक्तिगत रूप से बातचीत कर उनकी प्रशिक्षण संबंधी कठिनाइयों और समस्याओं की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और प्रशिक्षकों को समस्याओं के त्वरित निस्तारण के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
इस अवसर पर एसपी ओम प्रकाश सिंह ने कहा कि पुलिस विभाग एक अनुशासित बल है और प्रत्येक पुलिसकर्मी का कर्तव्य है कि वह ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और संवेदनशीलता के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करे। उन्होंने आरक्षियों को बेहतर पुलिसिंग, जनता के प्रति सकारात्मक व्यवहार और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सदैव तत्पर रहने का संदेश दिया।
उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण के दौरान सीखे गए अनुशासन, समर्पण और कड़ी मेहनत ही भविष्य में एक सफल और जिम्मेदार पुलिसकर्मी बनने की नींव रखते हैं। साथ ही आरक्षियों को शारीरिक एवं मानसिक रूप से मजबूत रहकर सेवा भावना के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया।
गोष्ठी में प्रतिसार निरीक्षक रविंद्र मलिक, प्रभारी आरटीसी, समस्त प्रशिक्षकगण तथा पुलिस लाइन के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान आरक्षियों ने भी अपने अनुभव साझा किए और पुलिस अधीक्षक से मार्गदर्शन प्राप्त किया।