
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी, एएसपी और सीओ सिटी ने अस्पताल पहुंचकर पीड़िता से ली जानकारी
बोबी ठाकुर
कासगंज। जनपद के थाना ढोलना क्षेत्र में तीन वर्षीय मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म के प्रयास का गंभीर मामला सामने आया है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए मुकदमा दर्ज किया और महज 24 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
जानकारी के अनुसार, 5 नवंबर को थाना ढोलना क्षेत्र के ग्राम फिरोजपुर सिहोला बक्सुल्ला खां में तीन वर्षीय बच्ची घर के पास खेल रही थी। इसी दौरान गांव में आया जयप्रकाश पुत्र कल्लू सिंह निवासी ग्राम सुम्मेर नगला, थाना गंगीरी, जनपद अलीगढ़ ने बच्ची के साथ कथित तौर पर छेड़छाड़ की। बच्ची की मां मौके पर पहुंची तो आरोपी ने उसे देखकर गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गया।
घटना के बाद पीड़िता की मां ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया और आरोपी की तलाश शुरू कर दी। पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर जयप्रकाश को गिरफ्तार कर लिया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी ओम प्रकाश सिंह, एएसपी आलोक सिंह और सीओ सिटी आंचल चौहान ने अस्पताल पहुंचकर पीड़िता के परिजनों से मुलाकात की और घटना के संबंध में जानकारी ली।
क्या कहते हैं एएसपी
एएसपी आलोक सिंह ने बताया कि थाना ढोलना में मामले से संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना के 24 घंटे के भीतर आरोपी जयप्रकाश को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।