Kulgam Terror Attack: जम्मू-कश्मीर में आतंकी हमले में छत्तीसगढ़ के युवक की मौत, गांव में मातम

नई दिल्ली/अमर भारती। जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में शुक्रवार देर शाम हुए आतंकी हमले में छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले के 21 वर्षीय युवक दीपक रात्रे की मौत हो गई। आतंकियों ने कथित तौर पर ईंट भट्ठे पर काम कर रहे मजदूरों को निशाना बनाया। घटना के बाद मृतक के गांव और परिवार में शोक का माहौल है।
कुलगाम के ईंट भट्ठे पर हुआ आतंकी हमला
जानकारी के अनुसार, कुलगाम जिले के केलम क्षेत्र स्थित एक ईंट भट्ठे पर शुक्रवार शाम कुछ हथियारबंद हमलावर पहुंचे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हमलावरों ने वहां काम कर रहे मजदूरों से उनकी पहचान और नाम पूछे तथा इसके बाद फायरिंग शुरू कर दी। इस हमले में छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले के मालखरौदा विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत बुंदेली निवासी दीपक रात्रे को गोली लग गई, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
मजदूरों की पहचान पूछने के बाद की गई फायरिंग
बताया जा रहा है कि दीपक रात्रे बचपन से अपने मामा के घर जैजैपुर क्षेत्र के हरदीडीह गांव में रहकर पढ़ाई कर रहे थे। उनकी शादी भी वहीं से हुई थी। करीब एक वर्ष पहले वह अपने भाई और पत्नी के साथ रोजगार की तलाश में जम्मू-कश्मीर गए थे। वहां वह एक ईंट भट्ठे में मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण कर रहे थे।
छत्तीसगढ़ के 21 वर्षीय दीपक रात्रे की मौत
घटना की सूचना मिलते ही सक्ती जिले के बुंदेली और हरदीडीह गांव में शोक की लहर दौड़ गई। देर रात प्रशासन और पुलिस अधिकारियों ने मृतक के स्वजनों को घटना की जानकारी दी। दुखद समाचार सुनते ही परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। गांव के लोग भी इस घटना से स्तब्ध हैं और परिवार को ढांढस बंधाने पहुंच रहे हैं।
घटना के बाद बुंदेली और हरदीडीह गांव में मातम
जिला प्रशासन ने मृतक के पार्थिव शरीर को जम्मू-कश्मीर से छत्तीसगढ़ लाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। अधिकारियों के अनुसार, राज्य और केंद्र स्तर पर समन्वय कर आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं ताकि पार्थिव शरीर जल्द से जल्द परिजनों तक पहुंचाया जा सके। स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है। साथ ही पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता और हरसंभव सरकारी मदद उपलब्ध कराने की मांग की है। प्रशासन ने परिवार को हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया है। फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां हमले के पीछे शामिल आतंकियों की तलाश में जुटी हैं और पूरे क्षेत्र में तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।
यहां भी पढ़ें-
नेपाल हिंसा के बाद 2 जिलों में बड़ा बवाल, शाह की अध्यक्षता में हुई समीक्षा बैठक