नन्ही मानवी की गुहार पर ‘डीएम अंकल’ का दिल पसीजा, ऊबड़-खाबड़ रास्तों से अब मिलेगी निजात

लखीमपुर खीरी। प्रशासनिक संवेदनशीलता की एक मिसाल मंगलवार को उस समय देखने को मिली जब कक्षा एक की छात्रा मानवी सिंह की मासूम गुहार ने पूरे प्रशासन को हरकत में ला दिया। सोशल मीडिया पर वायरल हुई बच्ची की शिकायत जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह तक पहुंची तो उन्होंने बिना देर किए खुद सलेमपुर ग्राम पंचायत पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।
डीएम ने औपचारिकता को किनारे रखते हुए गांव की जर्जर खड़ंजा सड़क पर पैदल चलकर मानवी के घर तक का रास्ता तय किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पाया कि बारिश और जलभराव के कारण रास्ता बेहद खराब हो चुका है, जिससे स्कूली बच्चों और ग्रामीणों को रोजाना परेशानी झेलनी पड़ रही है। मौके पर ही उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि खड़ंजा मार्ग की तत्काल मरम्मत कराई जाए और जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जाए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अवैध प्लॉटिंग करने वालों पर भी सख्त रुख अपनाया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि बिना लेआउट पास कराए और बिना अनुमति के की जा रही प्लॉटिंग किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएगी और ऐसे मामलों में कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
इस मौके पर डीएम ने आम जनता से अपील करते हुए कहा कि लोग जमीन खरीदते समय केवल कीमत और लोकेशन पर ध्यान न दें, बल्कि सड़क, जलनिकासी, बिजली और अन्य बुनियादी सुविधाओं की भी जांच करें। उन्होंने कहा कि केवल स्वीकृत और नियोजित कॉलोनियों में ही निवेश करना समझदारी है, ताकि भविष्य में समस्याओं से बचा जा सके।
मानवी और उसके परिवार से बातचीत के दौरान जिलाधिकारी ने आश्वासन दिया कि अब उन्हें खराब रास्तों की समस्या से नहीं जूझना पड़ेगा। प्रशासन की इस त्वरित कार्रवाई से न सिर्फ एक बच्ची के चेहरे पर मुस्कान आई, बल्कि पूरे गांव के लिए राहत की उम्मीद जगी है। यह घटना इस बात का उदाहरण बन गई है कि सच्ची आवाज उठे तो प्रशासन भी खुद लोगों के दरवाजे तक पहुंचता है।