
लखनऊ। राजधानी के गुडंबा थानाक्षेत्र स्थित कुर्सी रोड पर सोमवार देर रात एक स्कूटी शोरूम में अचानक आग लग गई। यह आग बहुमंजिला इमारत के लोअर ग्राउंड फ्लोर पर स्थित ‘रविन्द्र इलेक्ट्रिक मोटर्स’ के शोरूम में लगी, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हादसे में 9 स्कूटी जलकर पूरी तरह नष्ट हो गईं, जबकि फायरकर्मियों की मुस्तैदी से 14 स्कूटी और एक बाइक को सुरक्षित बचा लिया गया।
रात जब एक स्थानीय दुकानदार ने शोरूम से धुआं निकलते देखा और तुरंत फायर विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही इंदिरानगर फायर स्टेशन की टीम मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया। फायरकर्मियों ने हौजरील के जरिए पानी डालते हुए करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया।
बैंक और रिहायशी हिस्सा सुरक्षित
बता दें कि जिस इमारत में यह हादसा हुआ, उसके अपर ग्राउंड फ्लोर पर सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया की शाखा संचालित है, जबकि ऊपरी मंजिलों पर लोग निवास करते हैं। आग लगने के बाद पूरे भवन में धुआं भर गया था, लेकिन फायर टीम ने समय रहते दरवाजे खोलकर वेंटिलेशन के जरिए धुआं बाहर निकाला और बैंक व रिहायशी हिस्से को सुरक्षित बचा लिया।
फायर टीम की तत्परता से टला बड़ा हादसा
घटना के दौरान बिल्डिंग में रहने वाले सभी लोग सतर्कता दिखाते हुए समय पर बाहर निकल आए, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। फायर विभाग के अधिकारियों के अनुसार समय रहते आग पर काबू पाने से एक बड़ा हादसा टल गया। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।