लखनऊ में विधानसभा के सामने सपा महिला कार्यकर्ताओं का हंगामा: पुलिस से हुई तीखी नोकझोंक, धरने पर बैठीं महिलाएं

लखनऊ। लखनऊ में विधानसभा के सामने मंगलवार को समाजवादी पार्टी की महिला कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में पहुंचीं कार्यकर्ताओं ने विधानसभा घेरने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने उन्हें मुख्य गेट पर ही रोक दिया। इसके बाद प्रदर्शनकारी महिलाएं विधानसभा परिसर के बाहर स्थित चौधरी चरण सिंह की प्रतिमा के सामने जमीन पर लेट गईं और सरकार के विरोध नारेबाजी शुरू कर दी, मौके पर काफी देर तक हंगामे की स्थिति बनी रही।

प्रदर्शन के दौरान समाजवादी पार्टी की महिला कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के खिलाफ जमकर नारे लगाए। महिलाओं के हाथों में पोस्टर और तख्तियां थीं, जिन पर महिलाओं का मंगलसूत्र छीनने वाली सरकार नहीं चाहिए जैसे स्लोगन लिखे हुए थे। प्रदर्शन के दौरान पुलिस और महिला कार्यकर्ताओं के बीच तीखी बहस और धक्का-मुक्की भी देखने को मिली।

पुलिस ने जबरन हटाया

इस दौरान स्थिति बिगड़ती देख पुलिसकर्मियों ने प्रदर्शनकारी महिलाओं को जबरन हटाना शुरू किया। कई महिला कार्यकर्ताओं को घसीटते हुए पुलिस वाहनों तक ले जाया गया और बाद में उन्हें ईको गार्डन भेज दिया गया। इस दौरान एक महिला कार्यकर्ता ने आरोप लगाया कि पुलिसकर्मियों ने उसके पेट में लात मारी। हालांकि पुलिस की ओर से इस पर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

सपा महिला कार्यकर्ताओं ने पुलिस पर लगाया अभद्रता का आरोप

प्रदर्शन कर रही रंजना यादव ने पुलिस पर अभद्रता करने का आरोप लगाया। रंजना ने कहा कि मौजूदा सरकार से न केंद्र की सत्ता संभल रही है, न उत्तर प्रदेश की। सोना ना पहनने की अपील सीधे तौर पर मंगलसूत्र पर हमला है। इस तरीके की बातें हो रही हैं कि महिला मंगलसूत्र भी न पहन पाए। हम मांग करते हैं कि प्रधानमंत्री अपनी बात को वापस लें। महिलाओं को पूरा सम्मान और अधिकार मिलना चाहिए।

वहीं प्रदर्शन में शामिल महिला सभा की प्रदेश सचिव संजना पटेल ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी महिलाओं को सोना खरीदने से रोकना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि यह सरकार की नीतियों की विफलता को दर्शाता है। संजना पटेल ने कहा कि सोना न खरीदने की अपील करना सीधे तौर पर महिलाओं को मंगलसूत्र पहनने से रोकने जैसा है। सरकार आम जनता को सोना न खरीदने और मंगलसूत्र न पहनने की सलाह दे रही है, जो पूरी तरह से असफल सोच को दिखाता है।