लखनऊ में कॉकरोच जनता पार्टी का प्रदर्शन: ईको गार्डेन में जुटे सैकड़ों कार्यकर्ता, सरकार के खिलाफ की नारेबाजी

लखनऊ। लखनऊ के ईको गार्डेन में शुक्रवार को कॉकरोच जनता पार्टी के नेतृत्व में बड़ी संख्या में युवाओं ने पेपर लीक और विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में सामने आ रही अनियमितताओं के विरोध में प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में शामिल युवाओं ने नीट पेपर लीक मामले को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग उठाई।

प्रदर्शन को संबोधित करने पहुंचे कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने कहा कि उनका आंदोलन पूरी तरह शांतिपूर्ण है और इसका उद्देश्य युवाओं की आवाज को सरकार तक पहुंचाना है। ईको गार्डेन पहुंचने पर अभिजीत दीपके कुछ समय के लिए भीड़ में फंस गए, हालांकि बाद में उन्होंने प्रदर्शनकारियों से मुलाकात कर उनकी मांगों को दोहराया। उन्होंने कहा कि लगातार सामने आ रहे पेपर लीक और परीक्षा घोटालों से युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है, जिसे लेकर देशभर में आक्रोश है।

दिल्ली से शुरू हुआ आंदोलन, अब देशभर में प्रदर्शन की तैयारी

कॉकरोच जनता पार्टी के नेतृत्व में इससे पहले दिल्ली के जंतर-मंतर और पुणे में भी प्रदर्शन आयोजित किए जा चुके हैं। संगठन के अनुसार लखनऊ के बाद अमृतसर और बेंगलुरु में भी इसी मुद्दे पर प्रदर्शन किए जाएंगे। इसके बाद 20 जून को दिल्ली के जंतर-मंतर पर एक बड़े राष्ट्रव्यापी प्रदर्शन की योजना बनाई गई है। संगठन का कहना है कि यह युवा-आधारित आंदोलन देशभर में परीक्षा प्रणाली में सुधार और जवाबदेही की मांग को लेकर चलाए जा रहे अभियान का हिस्सा है।

सुरक्षा के कड़े इंतजाम, पुलिस और आरएएफ रही तैनात

प्रदर्शन को देखते हुए प्रशासन ने पहले से ही व्यापक सुरक्षा व्यवस्था कर रखी थी। ईको गार्डेन और आसपास के इलाकों में बड़ी संख्या में पुलिस बल के साथ रैपिड एक्शन फोर्स की तैनाती की गई थी। प्रदर्शन के दौरान युवाओं ने राज्य और देश में विभिन्न भर्ती एवं प्रवेश परीक्षाओं में सामने आई अनियमितताओं का मुद्दा उठाते हुए सरकार से जवाब मांगा। हालांकि प्रदर्शन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ और सुरक्षा एजेंसियां पूरे समय स्थिति पर नजर बनाए रहीं।