सुरक्षित सीवर-सफाई के गुर सीखेंगे स्वच्छता-कर्मी: RCUES के प्रशिक्षण कार्यक्रम में सुएज के सुरक्षा प्रोटोकॉल बने आकर्षण का केंद्र

लखनऊ। स्वच्छता कर्मियों की सुरक्षा और सुरक्षित सीवर सफाई को बढ़ावा देने के उद्देश्य से रीजनल सेंटर फॉर अर्बन एंड एनवायरनमेंटल स्टडीज़ (RCUES) द्वारा ‘ऑक्यूपेशनल हेल्थ एंड सेफ्टी (OHS) इन सैनिटेशन’ विषय पर दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण का उद्देश्य शहरी स्थानीय निकायों से जुड़े अधिकारियों, इंजीनियरों और स्वच्छता कर्मियों को सुरक्षित कार्य प्रणाली, आधुनिक तकनीकों तथा कार्यस्थल पर सुरक्षा मानकों के प्रति जागरूक करना था, ताकि सीवर सफाई कार्य को अधिक सुरक्षित और प्रभावी बनाया जा सके।

प्रशिक्षण के दूसरे दिन 30 जून को ‘प्रैक्टिकल डेमोंस्ट्रेशन ऑन सेफ डीस्लजिंग (स्पॉट, मैप एंड इक्विप)’ विषय पर विशेष तकनीकी सत्र आयोजित किया गया। इस दौरान सुएज इंडिया के हेल्थ एंड सेफ्टी ऑफिसर पंकज सिंह ने अधिकारियों, इंजीनियरों और स्वच्छता कर्मियों को सुरक्षित सीवर संचालन के लिए अपनाए जाने वाले अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा मानकों और प्रक्रियाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि किसी भी सीवर या मैनहोल में प्रवेश से पहले सभी सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन अनिवार्य किया जाता है।

100 फीसदी पीपीई अनुपालन और गैस जांच पर विशेष जोर

पंकज सिंह ने अपने प्रस्तुतीकरण में बताया कि सुएज में 100 प्रतिशत पीपीई (पर्सनल प्रोटेक्टिव इक्विपमेंट) अनुपालन सुनिश्चित किया जाता है। इसके अलावा मल्टी गैस डिटेक्टर से गैस जांच, वर्क परमिट सिस्टम, नियमित सुरक्षा प्रशिक्षण, एसओपी आधारित मैनहोल एंट्री, ‘नो मैनुअल स्कैवेंजिंग’ नीति, समर्पित सुरक्षा अधिकारी की तैनाती तथा जोखिम मूल्यांकन जैसी प्रक्रियाओं का सख्ती से पालन किया जाता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी सुरक्षा मानकों की पुष्टि के बाद ही किसी कर्मचारी को सीवर या मैनहोल में प्रवेश की अनुमति दी जाती है।

प्रतिभागियों ने सीखी सुरक्षित सीवर संचालन की आधुनिक तकनीकें

कार्यक्रम में शामिल अधिकारियों और स्वच्छता कर्मियों ने सुएज की सुरक्षा व्यवस्था और व्यावहारिक अनुभवों में विशेष रुचि दिखाई। इस दौरान उन्होंने सुरक्षित सीवर संचालन से जुड़ी कई तकनीकी जानकारियां प्राप्त कीं। विशेषज्ञों ने इस बात पर जोर दिया कि आधुनिक तकनीक, नियमित प्रशिक्षण और सुरक्षा नियमों का कड़ाई से पालन ही स्वच्छता कर्मियों के जीवन की सुरक्षा सुनिश्चित करने का सबसे प्रभावी माध्यम है।

सुरक्षित स्वच्छता प्रबंधन की दिशा में महत्वपूर्ण पहल

विशेषज्ञों के अनुसार यह प्रशिक्षण कार्यक्रम सुरक्षित स्वच्छता प्रबंधन को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। इससे शहरी क्षेत्रों में कार्यरत स्वच्छता कर्मियों की कार्यक्षमता बढ़ने के साथ-साथ सीवर सफाई कार्य को अधिक सुरक्षित, व्यवस्थित और प्रभावी बनाने में भी मदद मिलेगी।