ABVP ने लखनऊ विश्विद्यालय के शिक्षकों को किया सम्मानित

लखनऊ। लखनऊ विश्वविद्यालय के हिंदी एवं आधुनिक भारतीय भाषा विभाग के डॉ. राहुल पाण्डेय को प्रोफेसर पद पर प्रोन्नत किए जाने और हबीबुल्लाह छात्रावास का अभिरक्षक नियुक्त किए जाने के उपलक्ष्य में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के प्रतिनिधिमंडल ने उनका सम्मान किया। वहीं, राजनीति विज्ञान विभाग के डॉ. जितेंद्र कुमार को आचार्य नरेंद्र देव छात्रावास के सहायक अभिरक्षक का अतिरिक्त दायित्व मिलने पर भी परिषद की ओर से उन्हें पुस्तक भेंट कर तथा माल्यार्पण कर शुभकामनाएं दी गईं।

एबीवीपी छात्र शक्ति पत्रिका पूर्वी उत्तर प्रदेश के संयोजक विकास तिवारी ने कहा कि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के मुख्य शिल्पकार रहे प्रो. यशवंतराव केलकर का मानना था कि शिक्षक केवल ज्ञान देने वाले नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र के पुनर्निर्माण में अग्रणी भूमिका निभाने वाले मार्गदर्शक होते हैं।

उन्होंने कहा कि विद्यार्थी परिषद का प्रत्येक कार्यकर्ता कठिन परिस्थितियों में शिक्षकों के मार्गदर्शन से प्रेरणा लेकर आगे बढ़ता है और शिक्षकों का सम्मान करना प्रत्येक छात्र का दायित्व है। उनका कहना था कि शिक्षकों को समाज की संचित ज्ञान-पूंजी मानते हुए उनके प्रति सम्मान का भाव बनाए रखना चाहिए।

सभी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता रहे मौजूद

एबीवीपी लखनऊ उत्तर जिला के संयोजक अभिषेक सिंह ने बताया कि विद्यार्थी परिषद अपने स्थापना काल से ही प्रत्येक वर्ष शिक्षक दिवस के अवसर पर शिक्षकों का सम्मान करती आ रही है और उनके विचारों से प्रेरणा लेकर छात्रहित एवं राष्ट्र निर्माण के कार्यों को आगे बढ़ाती है। उन्होंने कहा कि परिषद की यह परंपरा शिक्षकों के प्रति सम्मान और उनके योगदान के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का माध्यम है। इस अवसर पर एबीवीपी के कार्यकर्ता उदित सिंह, शिवांशु यादव, आकाश अग्निहोत्री सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।