लॉकडाउन तोड़ने वाले 60 हजार लोगों पर एफआईआर, बिहार में 857 लोग गिरफ्तार

अमर भारती : वैश्विक महामारी कोरोना वायरस को फैलने से रोकने के लिए देशभर में लॉकडाउन लागू है। हालांकि लोग इसके नियमों का उल्लंघन करने से बाज नहीं आ रहे हैं। उत्तर प्रदेश में 25 मार्च से अब तक लॉकडाउन तोड़ने को लेकर 60,258 लोगों के खिलाफ 19 हजार 448 एफआईआर दर्ज की जा चुकी है। राज्य के अतिरिक्त मुख्य सचिव अवनीश अवस्थी ने बताया कि लॉकडाउन की पाबंदी नहीं मानने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने वालों से अब तक 7.7 करोड़ रुपए का जुर्माना वसूला जा चुका है।

वहीं बिहार में लॉकडाउन तोड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई की जा रही है। अतिरिक्त डीजी (पुलिस मुख्यालय) जितेंद्र कुमार ने कहा कि राज्य में पिछले 22 दिनों में लॉकडाउन तोड़ने पर 23,033 वाहनों को जब्त किया गया है। इसके अलावा 5.35 करोड़ रुपये का जुर्माना भी वसूला गया है। लॉकडाउन के दौरान रोजाना औसतन 30 से 50 लोगों को गिरफ्तार किया जा रहा है। अभी तक 857 लोगों को गिरफ्तार किया गया है जबकि 1078 मामले दर्ज हुए हैं। राजस्थान की बात करें तो यहां 23 दिन में 668 मामले दर्ज हुए और 941 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। जबकि दो करोड़ रुपये का जुर्माना वसूला गया है।