लखनऊ। राजधानी के लोकबंधु अस्पताल परिसर स्थित वन स्टॉप सेंटर में शुक्रवार सुबह करीब 5:30 बजे शॉर्ट सर्किट से आग लगने से हड़कंप मच गया। एलडीए कॉलोनी, कानपुर रोड स्थित सेंटर में आग लगने की सूचना मिलते ही अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

घटना के समय शेल्टर होम में एक महिला, दो लड़कियां और चार कर्मचारी मौजूद थे। सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।
अस्पताल के कर्मचारियों ने तत्परता दिखाते हुए दमकल विभाग के पहुंचने से पहले ही आग पर काबू पा लिया। बताया जा रहा है कि बिजली विभाग को पहले से ट्रिपिंग की शिकायत दी गई थी, लेकिन शिकायत के बावजूद संबंधित अधिकारियों ने फोन नहीं उठाया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दमकल विभाग करीब एक घंटे की देरी से मौके पर पहुंचा, जबकि पुलिस सूचना मिलते ही कुछ ही मिनटों में घटनास्थल पर पहुंच गई थी। तब तक अस्पताल स्टाफ आग पर पूरी तरह नियंत्रण पा चुका था।
लगातार सामने आ रही आग की घटनाओं के बीच इस हादसे ने सरकारी संस्थानों की अग्नि सुरक्षा व्यवस्था, बिजली व्यवस्था और आपातकालीन प्रतिक्रिया तंत्र पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।