
लखनऊ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर सेवा संकल्प अभियान के तहत नगर निगम लखनऊ की ओर से गुरुवार को शहर के सभी आठ जोनों के 110 वार्डों में वृहद सफाई अभियान चलाया गया। अभियान का शुभारंभ हजरतगंज चौराहे स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा से वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना ने किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महापौर सुषमा खर्कवाल ने की।
शुभारंभ अवसर पर मंत्री सुरेश खन्ना, महापौर सुषमा खर्कवाल, नगर आयुक्त गौरव कुमार और पार्षदों ने गांधी प्रतिमा के आसपास सफाई कराई और प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। इसके बाद डॉ. बीआर अंबेडकर, सरदार वल्लभभाई पटेल और वीरांगना अवंतीबाई लोधी की प्रतिमाओं के आसपास भी विशेष सफाई अभियान चलाया गया।
अभियान की शुरुआत सुबह छह बजे से सभी 110 वार्डों में एक साथ हुई। प्रत्येक वार्ड में एक अधिकारी को नामित किया गया है। अधिकारियों की निगरानी में सफाई, कूड़ा उठान और सार्वजनिक स्थलों की साफ-सफाई समेत विभिन्न स्वच्छता कार्य कराए गए।
इस मौके पर सुरेश खन्ना ने कहा कि प्रधानमंत्री के जन्मदिवस पर सेवा और स्वच्छता को समर्पित यह अभियान स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। स्वच्छता केवल सरकार या नगर निगम की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने लखनऊवासियों से अभियान में सक्रिय भागीदारी करने और अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने की अपील की।
महापौर सुषमा खर्कवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री के जन्मदिवस पर सेवा और स्वच्छता को समर्पित यह अभियान स्वच्छ भारत के संकल्प को जनभागीदारी के साथ आगे बढ़ाने का प्रयास है। उन्होंने कहा कि आठों जोनों के 110 वार्डों में एक साथ अभियान चलाकर स्वच्छता के प्रति नागरिकों की भागीदारी को मजबूत किया जा रहा है।
अभियान का संचालन अपर नगर आयुक्त पंकज श्रीवास्तव, अभिनव रंजन श्रीवास्तव, अरुण कुमार गुप्त और डॉ. अरविंद कुमार राव के निर्देशन में किया गया। जोनल अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में अभियान की निगरानी कर रहे हैं, जबकि वार्ड स्तर पर नामित अधिकारियों के नेतृत्व में सफाई कार्य संचालित किए गए।
कार्यक्रम में भाजपा ओबीसी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष प्रकाश पाल, भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष देवेंद्र सिंह, भाजपा कार्यालय लखनऊ के मुख्यालय सह प्रभारी चौधरी लक्ष्मण सिंह, पार्षदगण और नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। नगर निगम ने नागरिकों से सार्वजनिक स्थलों पर गंदगी न फैलाने और स्वच्छ एवं सुंदर लखनऊ के निर्माण में सहयोग करने की अपील की।