लखनऊ समेत देशभर में बैंक हड़ताल, शाखाओं में ठप रहा काम; मांगें नहीं मानी तो अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी


लखनऊ। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) के आह्वान पर शुक्रवार को लखनऊ समेत देशभर में एक दिवसीय बैंक हड़ताल शुरू हो गई। हड़ताल के चलते भारतीय स्टेट बैंक (SBI), पंजाब नेशनल बैंक (PNB), इंडियन बैंक समेत प्रमुख सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों की शाखाओं में बैंकिंग कार्य प्रभावित रहा। बैंक कर्मचारी अपनी विभिन्न मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं।
लखनऊ के हजरतगंज स्थित इंडियन बैंक के बाहर बैंक कर्मचारियों ने प्रदर्शन कर सरकार और बैंक प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी की। कर्मचारियों का कहना है कि उनकी लंबित मांगों पर लंबे समय से अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई है। पांच दिवसीय कार्य सप्ताह (5 वर्किंग डे) लागू करने समेत कई मांगों को लेकर बैंक कर्मचारी एकजुट होकर विरोध जता रहे हैं।
हड़ताल के कारण शुक्रवार को बैंक शाखाओं में सामान्य बैंकिंग सेवाएं प्रभावित रहेंगी। हालांकि डिजिटल बैंकिंग, यूपीआई, एटीएम और अन्य ऑनलाइन सेवाओं में से कई सेवाएं सामान्य रूप से उपलब्ध रहने की उम्मीद है। वहीं नकद जमा-निकासी, चेक संबंधी काम और शाखा स्तर की अन्य सेवाओं पर हड़ताल का असर पड़ सकता है।
बैंक यूनियनों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। यूनियनों के अनुसार 28 से 30 सितंबर तक तीन दिवसीय बैंक हड़ताल प्रस्तावित है। इसके बाद भी मांगें पूरी नहीं हुईं तो 26 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल का कदम उठाया जा सकता है।
बैंक कर्मचारियों का कहना है कि पांच दिवसीय कार्य सप्ताह समेत उनकी अन्य मांगों पर सरकार और संबंधित पक्षों को जल्द निर्णय लेना चाहिए, ताकि बैंकिंग व्यवस्था और आम ग्राहकों को होने वाली परेशानियों से बचाया जा सके।