
लखनऊ: राजधानी में Indian Premier League के तहत 22 अप्रैल 2026 को इकाना स्टेडियम में होने वाले मैच को लेकर यातायात पुलिस ने विस्तृत डायवर्जन प्लान जारी किया है। यह व्यवस्था दोपहर 3 बजे से मैच समाप्ति तक लागू रहेगी, जिसके तहत रोडवेज बसों, सिटी बसों, ऑटो, ई-रिक्शा, ओला-उबर और निजी वाहनों के लिए अलग-अलग दिशा-निर्देश तय किए गए हैं।यातायात पुलिस के अनुसार मैच के दौरान शहीद पथ पर रोडवेज बसें, प्राइवेट बसें और अन्य व्यवसायिक वाहनों का संचालन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। इन वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से होकर गुजरना होगा। हालांकि निजी वाहनों और टैक्सी सेवाओं पर पूर्ण प्रतिबंध नहीं रहेगा, लेकिन उन्हें निर्धारित नियमों का पालन करना होगा। सुल्तानपुर रोड से आने वाले भारी वाहन अमूल तिराहा से डायवर्ट किए जाएंगे, जबकि अर्जुनगंज की ओर से आने वाले वाहन कटाई पुल से मोड़े जाएंगे।सिटी बसों को संचालन की अनुमति रहेगी, लेकिन वे शहीद पथ पर हुसड़िया और सुशांत गोल्फ सिटी के बीच कहीं नहीं रुकेंगी और सड़क के दाईं ओर चलेंगी। वहीं ई-रिक्शा और ऑटो को शहीद पथ पर पूरी तरह प्रतिबंधित कर दिया गया है। यहां तक कि सर्विस रोड पर भी इनका संचालन मैच के दिन नहीं होगा।अर्जुनगंज की ओर से आने वाले ई-रिक्शा और ऑटो अहिमामऊ से बाएं मुड़कर पीएचक्यू, यूपी-112 और मातृत्व अस्पताल के पीछे वाली सड़क पर सवारी उतारेंगे और वहीं से जी-20 तिराहे होते हुए गोमतीनगर की ओर जाएंगे। इसी तरह सुल्तानपुर रोड से आने वाले ऑटो और ई-रिक्शा लूलू मॉल की ओर जाकर सवारी उतारेंगे। विशेष रूप से यह निर्देश दिया गया है कि अहिमामऊ के 500 मीटर के दायरे में किसी भी हालत में सवारी न उतारी जाए और न ही बैठाई जाए।ओला, उबर और अन्य किराए की टैक्सी सेवाओं के लिए भी सख्त दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। इन्हें सिटी बसों की तरह ही हुसड़िया से सुशांत गोल्फ सिटी के बीच शहीद पथ पर सवारी बैठाने और उतारने की अनुमति नहीं होगी। एयरपोर्ट की ओर से आने वाले वाहन अहिमामऊ से पहले ही सवारी उतारेंगे, जबकि अर्जुनगंज की ओर से आने वाले वाहन निर्धारित मार्ग से होकर ही आगे बढ़ेंगे।निजी वाहनों के लिए भी पार्किंग व्यवस्था को लेकर स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं। जिन वाहन स्वामियों के पास पास होगा, वे अहिमामऊ से एचसीएल की ओर जाकर वाटर टैंक तिराहा होते हुए चिन्हित पार्किंग स्थलों तक पहुंचेंगे। जिनके पास पास नहीं है, उन्हें भी इसी मार्ग का उपयोग करना होगा और पहले आने वालों को प्लासियो मॉल में पार्किंग दी जाएगी। इसके भर जाने पर अन्य वाहनों को एचसीएल और वाटर टैंक तिराहे के बीच पार्क कराया जाएगा।दो पहिया वाहनों के लिए भी अलग से व्यवस्था की गई है। सभी बाइक और स्कूटर चालकों को अहिमामऊ से एचसीएल तिराहा होते हुए प्लासियो मॉल के पीछे पार्किंग करनी होगी। स्टेडियम के आसपास किसी भी प्रकार की अनधिकृत पार्किंग पर सख्त कार्रवाई की जाएगी, जिसमें टोइंग और क्लैम्पिंग शामिल है।यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि वीआईपी और वीवीआईपी के साथ आने वाले एस्कॉर्ट वाहन स्टेडियम के पास पार्क नहीं होंगे, बल्कि उन्हें मॉल या पीएचक्यू के पीछे निर्धारित स्थानों पर पार्क किया जाएगा। स्टेडियम के आसपास किसी भी प्रकार की अव्यवस्थित पार्किंग पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी।दर्शकों की सुविधा के लिए टिकट पर क्यूआर कोड दिया जाएगा, जिसे स्कैन करने पर पार्किंग स्थल और मार्ग की पूरी जानकारी मैप के साथ मिल सकेगी। केवल टिकट धारकों को ही स्टेडियम में प्रवेश की अनुमति होगी और बिना टिकट या ड्यूटी पास के प्रवेश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।मैच के लिए प्रवेश मैच शुरू होने से तीन घंटे पहले दिया जाएगा और दूसरी पारी के मध्य तक ही एंट्री संभव होगी। एक बार स्टेडियम से बाहर निकलने के बाद दोबारा प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। साथ ही सिक्के, ईयरफोन और ज्वलनशील पदार्थ जैसे सामान स्टेडियम में ले जाना पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।यातायात पुलिस ने स्टेडियम के आसपास रहने वाले लोगों से अपील की है कि यदि आवश्यक न हो तो मैच के समय उस क्षेत्र में आने से बचें और वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें। दर्शकों से भी अनुरोध किया गया है कि शाम 6 बजे से 8 बजे के बीच के पीक आवर से बचते हुए समय से पहले या बाद में स्टेडियम पहुंचें, ताकि ट्रैफिक जाम से बचा जा सके।