विजय उत्सव की तैयारियों का सीडीओ ने लिया जायजा, 23-24 मई को होगा भव्य आयोजन


बहराइच। महाराजा सुहेलदेव विजय उत्सव को भव्य और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शुक्रवार को मुख्य विकास अधिकारी सुनील कुमार धनवंता ने अधिकारियों की टीम के साथ विकास खंड चित्तौरा स्थित चित्तौरा झील तट पर बने महाराजा सुहेलदेव स्मारक स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान सीडीओ ने कार्यक्रम स्थल पर मंच, वीआईपी गैलरी, विभिन्न विभागों के स्टॉल, पार्किंग व्यवस्था और आवागमन मार्गों का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आयोजन स्थल का ब्लॉकवार ले-आउट प्लान तैयार कर समय रहते सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं, ताकि श्रद्धालुओं और आगंतुकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
सीडीओ ने साफ-सफाई व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए कार्यक्रम स्थल और आसपास के क्षेत्रों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि महाराजा सुहेलदेव विजय उत्सव जिले की सांस्कृतिक और ऐतिहासिक पहचान से जुड़ा महत्वपूर्ण आयोजन है, इसलिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ अपनी जिम्मेदारियां निभाएं।
निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी अमित कुमार, नगर मजिस्ट्रेट राजेश प्रसाद, जिला विकास अधिकारी राजकुमार, डीपीआरओ चन्द्रभान सिंह, पीडी डीआरडीए मनीष कुमार, जिला पर्यटन अधिकारी मनीष कुमार समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
गौरतलब है कि महाराजा सुहेलदेव विजय उत्सव 23 और 24 मई 2026 को आयोजित किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की संभावना है।