
लखनऊ। राजधानी के कैसरबाग स्थित अवध डिपो परिसर में श्री सिद्ध कल्याणेश्वर महादेव मंदिर के 49वें स्थापना दिवस एवं कजली तीज के अवसर पर सोमवार, 14 सितंबर 2026 को विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। धार्मिक आयोजन में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ जुटनी शुरू हो गई। हजारों की संख्या में पहुंचे भक्तजनों ने मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर भगवान शिव का आशीर्वाद लिया और इसके बाद आयोजित भंडारे में प्रसाद ग्रहण किया। पूरे परिसर में भक्तिमय वातावरण बना रहा और श्रद्धालुओं की आवाजाही देर तक जारी रही।
स्थापना दिवस समारोह में नागा अखाड़ा, सन्यासी अखाड़ा सहित विभिन्न अखाड़ों के साधु-संत प्रमुख रूप से शामिल हुए। इसके अलावा स्थानीय नागरिकों, अधिवक्ताओं तथा बड़ी संख्या में रोडवेज कर्मचारियों ने भी भंडारे में पहुंचकर प्रसाद ग्रहण किया। मंदिर प्रबंध समिति की ओर से आयोजन में शामिल साधु-संतों को विशेष सम्मान देते हुए दान-दक्षिणा प्रदान की गई और उन्हें श्रद्धापूर्वक विदा किया गया। इस दौरान श्रद्धालुओं और संतों के बीच धार्मिक एवं आध्यात्मिक वातावरण देखने को मिला।
नगर निगम और जलकल विभाग ने संभाली व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी
भंडारे से पूर्व आयोजन स्थल पर साफ-सफाई और पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की गई। नगर निगम के जोनल सेनेटरी ऑफिसर कुलदीपक सिंह तथा सुपरवाइजर रमन के निर्देशन में कार्यशाला में बने मंदिर परिसर और उसके आसपास के क्षेत्र की विशेष साफ-सफाई कराई गई। इसके साथ ही परिसर में चूना डलवाकर स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाया गया। वहीं, जलकल विभाग के अधिशासी अभियंता उत्कर्ष राय की ओर से श्रद्धालुओं के लिए पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए पानी का टैंकर भी भेजा गया।
मंदिर समिति ने सहयोग करने वालों का जताया आभार
मंदिर प्रबंध समिति ने विशाल भंडारे के सफल आयोजन में विशेष सहयोग के लिए रोडवेज कर्मचारी संघ कैसरबाग के अध्यक्ष आमिर जावेद एवं केबी रजनीश का आभार व्यक्त किया। समिति की ओर से कहा गया कि श्रद्धालुओं, साधु-संतों, स्थानीय नागरिकों और रोडवेज कर्मचारियों के सहयोग से स्थापना दिवस एवं कजली तीज का आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
मंदिर समिति के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में लोग रहे मौजूद
कार्यक्रम के दौरान मंदिर समिति के प्रबंधक एसएन सिंह (सेवानिवृत्त फीजियोथेरेपिस्ट), अध्यक्ष राकेश दीक्षित, मंत्री आशीष पाण्डेय, कोषाध्यक्ष वीरेंद्र शर्मा, संगठन मंत्री सुनील तिवारी, मंदिर के पुजारी दयालु महाराज, जेपी सिंह, एडवोकेट आरएस दीक्षित, समाजसेवी तुषार साहू, बलदेव यादव, यमुना शंकर दीक्षित, सुरेंद्र सिंह, मनमोहन पांडेय, आरसी त्रिवेदी, बिल्लू पाठक, अजय उपाध्याय समेत सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालु एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे। स्थापना दिवस और भंडारे के दौरान मंदिर परिसर में देर तक धार्मिक उल्लास और श्रद्धा का माहौल बना रहा।