प्रतिबंधित पॉलीथीन पर नगर निगम का शिकंजा: मोती महल पर 20 हजार रूपए का चालान

लखनऊ। पर्यावरण संरक्षण और शहर को सिंगल यूज़ प्लास्टिक मुक्त बनाने के उद्देश्य से नगर निगम लखनऊ ने सोमवार को जोन-1 के हजरतगंज वार्ड में ‘आरम्भ 8.0’ अभियान के अंतर्गत प्रतिबंधित पॉलीथीन के विरुद्ध विशेष जांच एवं जनजागरूकता अभियान चलाया। इस दौरान नगर निगम की आईईसी टीम ने व्यावसायिक प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर पॉलीथीन प्रतिबंध के अनुपालन की समीक्षा की।

निरीक्षण के दौरान प्रसिद्ध व्यावसायिक प्रतिष्ठान मोती महल में बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित पॉलीथीन बरामद की गई। इसके अलावा परिसर में स्वच्छता संबंधी गंभीर कमियां एवं गंदगी भी पाई गई। नियमों के उल्लंघन को गंभीरता से लेते हुए जोनल सेनेटरी ऑफिसर कुलदीपक एवं एसएफआई संजीव के निर्देशन में प्रतिष्ठान के विरुद्ध 20 हजार का चालान किया गया।

व्यापारियों को किया गया जागरूक, कपड़े और जूट के थैलों के उपयोग पर दिया जोर

अभियान के दौरान प्रतिष्ठान संचालकों एवं कर्मचारियों को सिंगल यूज़ प्लास्टिक और प्रतिबंधित पॉलीथीन से होने वाले पर्यावरणीय दुष्प्रभावों की विस्तृत जानकारी दी गई। नगर निगम की टीम ने उन्हें कपड़े एवं जूट के थैलों के उपयोग को बढ़ावा देने के लिए प्रेरित किया तथा प्लास्टिक मुक्त वातावरण बनाने में सहयोग की अपील की।

स्वच्छता और कचरा पृथक्करण के दिए गए निर्देश

नगर निगम अधिकारियों ने सभी व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को परिसर में नियमित स्वच्छता बनाए रखने, गीले एवं सूखे कचरे का पृथक संग्रहण करने तथा प्रतिबंधित पॉलीथीन का उपयोग पूरी तरह बंद करने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि ‘आरम्भ 8.0’ अभियान के अंतर्गत शहरभर में लगातार निरीक्षण जारी रहेंगे और नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध इसी प्रकार सख्त कार्रवाई की जाएगी।