
लखनऊ। नगर निगम लखनऊ द्वारा सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत मंगलवार को ग्राम बरावन कला, तहसील सदर में बड़ी कार्रवाई की गई। यह अभियान नगर आयुक्त गौरव कुमार के निर्देशन एवं अपर नगर आयुक्त पंकज श्रीवास्तव के मार्गदर्शन में संचालित किया जा रहा है। शहर में सरकारी संपत्तियों की सुरक्षा और अवैध कब्जों पर रोक लगाने के उद्देश्य से यह अभियान लगातार गति पकड़ रहा है।
ग्राम बरावन कला स्थित गाटा संख्या 1395, जिसका कुल क्षेत्रफल 0.089 हेक्टेयर है, राजस्व अभिलेखों में रास्ता के रूप में दर्ज है। इस महत्वपूर्ण सार्वजनिक भूमि पर कुछ व्यक्तियों एवं स्थानीय लोगों द्वारा अस्थायी बाउंड्री वॉल बनाकर और पौधरोपण कर कब्जा करने का प्रयास किया जा रहा था। नगर निगम की टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और तत्काल कार्रवाई करते हुए जेसीबी मशीन की सहायता से अवैध बाउंड्री वॉल एवं अन्य निर्माणों को ध्वस्त कर दिया।
इस अभियान का नेतृत्व नायब तहसीलदार नगर निगम रत्नेश कुमार द्वारा किया गया। कार्रवाई पूरी तरह नियमानुसार और प्रभावी ढंग से संपन्न की गई, जिससे भूमि को दोबारा उसके मूल स्वरूप में लाया जा सका।