
संगठनात्मक बैठक में बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने का किया आह्वान, पाकिस्तान में हिंदू मंदिर तोड़े जाने के मुद्दे पर विपक्ष की चुप्पी पर साधा निशाना
बिलग्राम। भारी बारिश के बीच भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के पुत्र नीरज सिंह गुरुवार को हरदोई के बिलग्राम पहुंचे। यहां रघुनाथ पैलेस में आयोजित संगठनात्मक बैठक में उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ संगठन की मजबूती को लेकर चर्चा की। बैठक के बाद पत्रकार वार्ता में उन्होंने विभिन्न राजनीतिक और समसामयिक मुद्दों पर अपनी बात रखी तथा विपक्षी दलों की कार्यशैली और मानसिकता पर सवाल उठाए।
आगामी चुनाव में विपक्षी दलों की रणनीति और उनके अकेले चुनाव लड़ने को लेकर पूछे गए सवाल पर नीरज सिंह ने कहा कि लोकतंत्र में प्रत्येक राजनीतिक दल अपनी-अपनी तैयारी करता है। कोई दल अकेले चुनाव लड़ना चाहता है या किसी राजनीतिक दल के साथ जाना चाहता है, यह उसका स्वयं का निर्णय है। उन्होंने कहा कि वह संबंधित दल को अपनी शुभकामनाएं देते हैं।
पाकिस्तान में मंदिर तोड़े जाने पर विपक्ष की चुप्पी पर सवाल
पाकिस्तान में करीब 100 वर्ष पुराने हिंदू मंदिर को तोड़े जाने के सवाल पर नीरज सिंह ने विपक्षी दलों की चुप्पी पर सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि लाहौर से कुछ दूरी पर मंदिर तोड़े जाने की घटना सामने आने के बावजूद विपक्ष के किसी नेता की ओर से बयान या प्रतिक्रिया सामने नहीं आई।
उन्होंने कहा कि भारत सरकार ने इस घटना पर अपना रोष प्रकट किया है। पाकिस्तान में भारतीय दूतावास के माध्यम से वहां के एंबेसडर तक यह संदेश पहुंचाया गया है कि पाकिस्तान में रहने वाले हिंदू भाई-बहनों की आस्था और सुरक्षा पर किसी तरह की आंच नहीं आनी चाहिए। उन्होंने कहा कि भारत सरकार राजनयिक स्तर पर भी पाकिस्तान सरकार के समक्ष अपनी चिंता रख रही है।
बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने पर जोर
संगठनात्मक बैठक में नीरज सिंह ने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने और पार्टी की गतिविधियों में सक्रियता बढ़ाने का आह्वान किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आपसी समन्वय के साथ संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने पर जोर दिया।
भारी बारिश के बावजूद बैठक में भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की मौजूदगी रही। कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत सिंह बब्बन, विधायक आशीष सिंह आशू, जिला मंत्री दीपा विश्वास, नगर अध्यक्ष नीरज गुप्ता, चेयरमैन अनिल राठौर समेत नगर एवं मंडल स्तरीय कमेटियों के सदस्य, पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सीओ बिलग्राम आर. सोनकर और कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विजय कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर मौजूद रहे।