जनसहयोग से संवरा वनखंडेश्वर महादेव मंदिर: मंत्रोच्चार के बीच खुले कपाट, भव्य भंडारे में उमड़े श्रद्धालु

पंकज चतुर्वेदी

बाराबंकी। बाराबंकी जनपद के मोहम्मदपुर खाला स्थित प्राचीन श्री वनखंडेश्वर महादेव मंदिर का जनसहयोग से जीर्णोद्धार कराए जाने के बाद मंगलवार को विधिवत पूजा-अर्चना और मंत्रोच्चार के बीच मंदिर के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए। कपाट खुलते ही मंदिर परिसर में हर-हर महादेव के जयघोष से वातावरण भक्तिमय हो उठा। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भगवान शिव के दर्शन कर पूजा-अर्चना की और क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की।

राज्यमंत्री ने किया भगवान शिव का पूजन

मंदिर के कपाट खुलने के अवसर पर राज्यमंत्री सतीश शर्मा और वरिष्ठ पत्रकार एवं समाजसेवी केपी तिवारी भी मंदिर पहुंचे। दोनों ने विधि-विधान से भगवान शिव की पूजा-अर्चना की। दोपहर में मंदिर के कपाट खुलने के बाद शिवलिंग का भव्य श्रृंगार किया गया, जिसे देखने के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ जुटी रही। मंदिर परिसर में वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक अनुष्ठानों के बीच श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का आशीर्वाद प्राप्त किया।

कन्या और साधु भोज के बाद हुआ विशाल भंडारा

धार्मिक कार्यक्रम के तहत कन्या भोज और साधु भोज का आयोजन किया गया। इसके बाद मंदिर परिसर में विशाल भंडारे का आयोजन हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पहुंचकर प्रसाद ग्रहण किया। पूरे आयोजन के दौरान मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की चहल-पहल बनी रही। जनसहयोग से मंदिर के जीर्णोद्धार के बाद आयोजित इस कार्यक्रम को लेकर स्थानीय लोगों में विशेष उत्साह देखने को मिला।

मंदिर परिसर में किया गया पौधरोपण

धार्मिक आयोजन के समापन के बाद मंदिर परिसर में सभी लोगों ने संयुक्त रूप से पौधरोपण किया। इस दौरान पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए मंदिर परिसर को हरा-भरा बनाने का संकल्प लिया गया। आयोजकों ने कहा कि धार्मिक आस्था के साथ पर्यावरण संरक्षण भी समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।

कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद

कार्यक्रम में एमएलसी अंगद सिंह, पूर्व विधायक शरद अवस्थी, पूर्व जिलाध्यक्ष शंशाक कुशमेश, पूर्व एमएलसी हरगोविंद सिंह, आशीष सिंह, रविकांत पांडेय मोनू, योगेश मिश्रा, देवेंद्र प्रताप सिंह, ओमप्रकाश वर्मा, राजेश वर्मा, संजय वर्मा, सुधीर सिंह, राकेश वर्मा कर्रा, देवी शरण पाण्डेय, रेखा किन्नर, प्रभारी निरीक्षक अमित सिंह भदौरिया और सुदीप बाजपेई सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।