
एसपी शुक्ला
बाराबंकी। रामनगर थानाक्षेत्र के ग्राम पंचायत बड़नपुर स्थित डिपो पुरवा के किनारे शिमली चौका नदी में शुक्रवार को एक ग्रामीण का शव उतराता हुआ मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। शव मिलने की खबर फैलते ही मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई। ग्रामीणों ने तत्काल शव को नदी से बाहर निकालकर नाव में रखा और घटना की सूचना स्थानीय पुलिस को दी। सूचना मिलते ही रामनगर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतक की पहचान चेतराम गौतम पुत्र छोटेलाल गौतम, उम्र करीब 55 वर्ष, निवासी पिन्नापुर थाना रामनगर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि चेतराम गौतम पिछले चार दिनों से अपने घर से लापता थे। परिजनों ने उनकी काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिलने पर पुलिस को तहरीर देकर उनकी तलाश कराने की मांग की थी। शुक्रवार को नदी में शव दिखाई देने के बाद परिजनों और ग्रामीणों को उनके लापता होने के मामले में जानकारी मिली।
मृतक के भतीजे के मुताबिक, शुक्रवार को उनके चाचा का शव शिमली चौका नदी में उतराता हुआ दिखाई दिया। इसके बाद उन्होंने तत्काल आसपास के लोगों को इसकी जानकारी दी और रामनगर पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। ग्रामीणों की मदद से शव को नदी से बाहर निकलवाया गया, जिसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
चौकी इंचार्ज ने घटनास्थल का किया निरीक्षण
चौकी इंचार्ज रजनीश कुमार पांडेय पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मौके का निरीक्षण किया। पुलिस ने ग्रामीणों और मृतक के परिजनों से घटना के संबंध में जानकारी जुटाई। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। हालांकि, चेतराम गौतम की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद साफ होगी मौत की वजह
पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और मृतक के परिजनों तथा आसपास के ग्रामीणों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चेतराम की मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। चार दिन से लापता ग्रामीण का शव नदी में मिलने की खबर से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। घटना को लेकर गांव में भी तरह-तरह की चर्चाएं हैं और लोग पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रहे हैं।