लखनऊ एयरपोर्ट पर एअर इंडिया एक्सप्रेस की इमरजेंसी लैंडिंग: कार्गो में धुएं का अलार्म बजने से मचा हड़कंप

लखनऊ। वाराणसी से दिल्ली जा रही एअर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट की गुरुवार सुबह लखनऊ एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। विमान के कार्गो में स्मोक डिटेक्शन का अलार्म बजने के बाद पायलट ने तत्काल लखनऊ एयर ट्रैफिक कंट्रोल से संपर्क किया और विमान को लखनऊ एयरपोर्ट पर उतारने की अनुमति मांगी। एटीसी से अनुमति मिलते ही विमान की सुरक्षित लैंडिंग कराई गई। अचानक हुई इमरजेंसी लैंडिंग की सूचना मिलते ही एयरपोर्ट प्रशासन और रेस्पॉन्स टीम अलर्ट हो गई। विमान के रनवे पर उतरते ही फायर ब्रिगेड और टेक्निकल एक्सपर्ट की टीम ने मौके पर पहुंचकर मोर्चा संभाल लिया।

जानकारी के मुताबिक एअर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट IX 1253 ने गुरुवार सुबह करीब 8 बजे वाराणसी एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए उड़ान भरी थी। उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद विमान के कार्गो में स्मोक डिटेक्शन सिस्टम का अलार्म बजने लगा। अलार्म के बाद पायलट ने स्थिति को गंभीरता से लेते हुए लखनऊ एयरपोर्ट के एयर ट्रैफिक कंट्रोल से संपर्क किया। इसके बाद सुबह करीब 8:52 बजे विमान की लखनऊ एयरपोर्ट पर लैंडिंग कराई गई। विमान के एयरपोर्ट पर उतरते ही सुरक्षा और तकनीकी टीमों ने तत्काल जांच शुरू कर दी।

155 यात्रियों और क्रू को विमान से उतारा गया

विमान की लैंडिंग के बाद सुरक्षा प्रक्रिया के तहत उसमें सवार 155 यात्रियों और क्रू सदस्यों को सुबह करीब 9:02 बजे विमान से उतार लिया गया। इसके बाद फायर ब्रिगेड और तकनीकी विशेषज्ञों की टीम ने विमान के कार्गो समेत अन्य हिस्सों की बारीकी से जांच की। विमान को जांच के बाद एयरपोर्ट के स्टैंड पर पार्क कर दिया गया। शुरुआती जांच में विमान के अंदर धुएं या आग लगने का कोई संकेत नहीं मिला। ऐसे में स्मोक डिटेक्शन सिस्टम का अलार्म किस वजह से बजा, इसकी तकनीकी जांच की जा रही है।

दूसरे विमान से दिल्ली भेजे जाएंगे यात्री

शुरुआती जांच में धुएं का कोई संकेत नहीं मिलने के बाद एयरपोर्ट और एयरलाइन अधिकारियों की ओर से आगे की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। बताया जा रहा है कि विमान में सवार यात्रियों को अब दूसरे विमान के जरिए दिल्ली भेजने की तैयारी की जा रही है। फिलहाल तकनीकी टीम इस बात की जांच कर रही है कि कार्गो में स्मोक डिटेक्शन का अलार्म किस कारण सक्रिय हुआ। जांच पूरी होने के बाद ही अलार्म बजने की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।