हाई कोर्ट के आदेश की जानकारी देने मलिन बस्ती पहुंचे डीएम-एसपी: बस्तीवासियों से समय रहते पैरवी करने की अपील

उत्तम सिंह

डाला। डीएम चर्चित गौड़ और पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने शनिवार को संयुक्त रूप से डाला स्थित मलिन बस्ती का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बस्तीवासियों को इलाहाबाद उच्च न्यायालय द्वारा पारित आदेश की जानकारी देते हुए निर्धारित समयावधि के भीतर न्यायालय में अपनी पैरवी करने की अपील की। शनिवार दोपहर जैसे ही डीएम और एसपी का काफिला मलिन बस्ती पहुंचा, बड़ी संख्या में स्थानीय लोग एकत्र हो गए।

इस दौरान डीएम चर्चित गौड़ ने उपस्थित लोगों को बताया कि भूखंड गाटा संख्या 113-179 के संबंध में इलाहाबाद उच्च न्यायालय द्वारा आदेश पारित किया गया है। उन्होंने कहा कि सभी प्रभावित लोग तय समय के भीतर न्यायालय में अपनी बात रखें, अन्यथा जिला प्रशासन को न्यायालय के आदेशों का पालन कराना पड़ेगा।

वहीं, मलिन बस्ती का मुकदमा लड़ रही बनवासी सामाजिक विकास समिति के संस्थापक लक्ष्मण कुशवाहा ने कहा कि समिति बस्तीवासियों की लड़ाई मजबूती से लड़ रही है और किसी भी स्थिति में बस्ती खाली नहीं करेगी। मलिन बस्ती एकता समिति के उमेश मेहता ने भी कहा कि यदि आवश्यकता पड़ी तो वे इस मामले को सुप्रीम कोर्ट तक ले जाएंगे और किसी भी कीमत पर बस्ती खाली नहीं होने देंगे।

अधिकारियों समेत सैकड़ों लोग रहे मौजूद

निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी वागीश शुक्ला, तहसीलदार ओबरा नागेंद्र राम, कोटा लेखपाल संदीप दत्ता, बिल्ली मारकुंडी के लेखपाल अमित सिंह, चोपन थाना प्रभारी गोपाल जी गुप्ता, डाला चौकी प्रभारी घनश्याम तिवारी, भाजयुमो उपाध्यक्ष धीरेन्द्र प्रताप सिंह, सपा जिला सचिव मंगल जायसवाल, बसपा जोन प्रभारी घनश्याम प्रसाद कुशवाहा, सभासद अवनीश देव पाण्डेय सहित बस्ती निवासी बबून्दर पाठक, नागेंद्र पासवान, मदन अग्रहरि, सुभाष राणा, राम प्रवेश मेहता, सुधीर उर्फ मोनू पाठक, गुंजा अग्रहरि, माया देवी समेत सैकड़ों लोग मौजूद रहे।