
बाराबंकी। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजसेवी मोहम्मद आरिफ को पत्र लिखकर उनके सामाजिक योगदान और जनसेवा के प्रति समर्पण की सराहना की है। मुख्यमंत्री की ओर से भेजे गए पत्र में समाजसेवियों को समाज और सरकार के बीच महत्वपूर्ण कड़ी बताते हुए जरूरतमंदों की समस्याओं को शासन तक पहुंचाने में उनकी भूमिका को अहम बताया गया है।
मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में मोहम्मद आरिफ के स्वस्थ और सुखी जीवन की कामना करते हुए कहा कि किसी भी लोकतांत्रिक समाज की शक्ति उसके उन नागरिकों से बढ़ती है, जो निस्वार्थ भाव से समाज के हित में कार्य करते हैं। ऐसे लोग समाज की समस्याओं को समझने और उनके समाधान के लिए प्रयास करने के साथ शासन-प्रशासन तक आम लोगों की आवाज पहुंचाने में भी महत्वपूर्ण योगदान देते हैं।

पत्र में मुख्यमंत्री ने प्रदेश में कानून-व्यवस्था में हुए बदलाव का उल्लेख करते हुए कहा कि वर्ष 2017 में सरकार बनने के बाद कानून के राज को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई। अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई और पुलिस व्यवस्था को मजबूत करने के प्रयासों से आम नागरिकों में सुरक्षा और विश्वास का वातावरण बनाने पर जोर दिया गया।
मुख्यमंत्री ने डबल इंजन सरकार की ओर से गरीबों, वंचितों, बुजुर्गों, दिव्यांगों, महिलाओं और किसानों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए संचालित योजनाओं का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि सरकारी योजनाओं का वास्तविक लाभ पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना आवश्यक है। इस कार्य में समाजसेवियों की सक्रिय भागीदारी विशेष महत्व रखती है, क्योंकि वे जमीनी स्तर पर लोगों की जरूरतों और समस्याओं को बेहतर ढंग से समझते हैं।
पत्र में मुख्यमंत्री ने समाजसेवियों से जनसमस्याओं और सुझावों को सरकार तक पहुंचाने का आह्वान करते हुए कहा कि जनभागीदारी से सरकारी प्रयासों को अधिक प्रभावी बनाया जा सकता है। उन्होंने विश्वास जताया कि सेवा भाव, संवेदनशीलता और जनसरोकारों के प्रति समर्पण से विकसित उत्तर प्रदेश के निर्माण की यात्रा और मजबूत होगी।
मुख्यमंत्री के इस पत्र को जनसेवा और सामाजिक सहभागिता के महत्व को रेखांकित करने वाला संदेश माना जा रहा है।