धान के खेत में मिला युवती का कंकाल, हत्या की आशंका से सनसनी

16 अक्टूबर से लापता थी 18 वर्षीय युवती, पिता ने गांव के दो युवकों पर सामूहिक दुष्कर्म के बाद हत्या का जताया शक; डीएनए जांच से होगी पहचान की पुष्टि

रामनगर (बाराबंकी)। रामनगर थाना क्षेत्र में करीब एक माह से लापता 18 वर्षीय युवती का कंकाल मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। गुरुवार 12 नवंबर की देर शाम फतेहुल्लापुर गांव में अमर सिंह के धान के खेत में युवती के शव के अवशेष अलग-अलग टुकड़ों में मिले। करीब 200 मीटर के दायरे में बिखरे अवशेष मिलने की सूचना पर पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंचे परिजनों ने कपड़ों और चप्पलों के आधार पर कंकाल को अपनी बेटी का बताया है। हालांकि पुलिस ने अभी पहचान की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। इसके लिए डीएनए जांच कराई जाएगी।

जानकारी के अनुसार भैसुरिया मजरे सुल्तानपुर निवासी 18 वर्षीय युवती बीती 16 अक्टूबर को अचानक घर से लापता हो गई थी। काफी खोजबीन के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिलने पर पिता ने 17 अक्टूबर को रामनगर थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। इसके बाद से परिजन लगातार उसकी तलाश कर रहे थे। गुरुवार देर शाम फतेहुल्लापुर गांव के धान के खेत में कुछ अवशेष दिखाई देने पर ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की तो खेत में अलग-अलग स्थानों पर मानव कंकाल के टुकड़े बरामद हुए।

मौके पर पहुंचे युवती के पिता ने काले रंग के लोअर, अन्य कपड़ों और चप्पलों के आधार पर अवशेषों को अपनी बेटी का बताया। पिता ने गांव के ही दो युवकों पर गंभीर आरोप लगाते हुए आशंका जताई कि उनकी बेटी के साथ सामूहिक दुष्कर्म करने के बाद उसकी हत्या कर दी गई। पिता का कहना है कि उन्होंने पहले भी इन युवकों पर संदेह जताया था, लेकिन उस समय कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उनका आरोप है कि पुलिस ने पूछताछ के बाद दोनों युवकों को छोड़ दिया था।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक रवीना त्यागी ने मामले के खुलासे के लिए क्राइम ब्रांच समेत तीन टीमों का गठन किया है। क्षेत्राधिकारी गरिमा पंत, अपर पुलिस अधीक्षक विवेक तिवारी और रामनगर कोतवाली प्रभारी अरुण प्रताप सिंह ने घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने कंकाल के अवशेषों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया है।

फिलहाल युवती की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह स्पष्ट नहीं हो सका है। पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारणों का पता चल सकेगा। पुलिस इस संभावना पर भी जांच कर रही है कि जंगली जानवर अवशेषों को अलग-अलग स्थानों तक खींचकर ले गए हों। हालांकि हत्या और अन्य सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।

रामनगर कोतवाली प्रभारी अरुण कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। डीएनए जांच समेत आवश्यक वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।