
एत्मादपुर । समाज में एकता, भाईचारे और सामाजिक समरसता की भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से भाजपा नेता इंजी. सीटू चौहान के नेतृत्व में तीन नवंबर से एत्मादपुर विधानसभा क्षेत्र में सामाजिक समरसता यात्रा निकाली जाएगी। महर्षि वाल्मीकि जयंती के अवसर पर प्रस्तावित इस यात्रा के माध्यम से विधानसभा क्षेत्र के करीब 100 गांवों तक पहुंचकर ग्रामीणों से संवाद किया जाएगा। यात्रा का उद्देश्य समाज के विभिन्न वर्गों और समुदायों को आपस में जोड़ने के साथ महापुरुषों के विचारों तथा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाना है।
यात्रा की तैयारियों और रूपरेखा की जानकारी देने के लिए सोमवार, 26 अक्टूबर को फिरोजाबाद रोड स्थित कुबेरपुर के राष्ट्रदीप पाम गैलेक्सी में प्रेस वार्ता आयोजित की गई। इस दौरान यात्रा के आधिकारिक आमंत्रण पत्र और पोस्टर का विमोचन किया गया। भाजपा नेता सीटू चौहान ने बताया कि सामाजिक समरसता यात्रा के माध्यम से समाज के सभी वर्गों के बीच आपसी संवाद बढ़ाने, भाईचारे को मजबूत करने और महापुरुषों के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि तीन नवंबर को एत्मादपुर स्थित पुण्यश्लोका लोकमाता अहिल्याबाई होलकर की प्रतिमा पर सोने, चांदी एवं हीरे से जड़ित मुकुट पहनाकर यात्रा का शुभारंभ किया जाएगा। इसके बाद यात्रा विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों में पहुंचेगी और ग्रामीणों से सीधा संवाद स्थापित करेगी।
सीटू चौहान ने कहा कि सामाजिक समरसता मजबूत समाज की आधारशिला है। समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर चलने, आपसी सहयोग बढ़ाने और जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाने के उद्देश्य से इस पहल को आगे बढ़ाया जा रहा है। यात्रा के जरिए महापुरुषों के विचारों और सामाजिक एकता के संदेश को ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंचाने पर विशेष जोर रहेगा।
गौरतलब है कि इंजी. सीटू चौहान एत्मादपुर विधानसभा क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी के टिकट के दावेदार भी हैं। ऐसे में उनकी इस यात्रा को क्षेत्र में जनसंपर्क बढ़ाने की पहल के रूप में भी देखा जा रहा है।
प्रेस वार्ता में पंकज बघेल, राजकपूर वाल्मीकि, कुलदीप जाटव, योगाचार्य रवेंद्र शर्मा, डॉ. हरवीर सिंह, गिर्राज पाठक, लायक सिंह निषाद, नवीन परमार सहित अन्य लोग मौजूद रहे।