
निघासन, लखीमपुर खीरी। पहाड़ों पर हो रही भारी बारिश के चलते शारदा नदी का जलस्तर बढ़ने से नदी किनारे बसे कई गांव बाढ़ की चपेट में आ गए हैं। गांवों में पानी भरने से आवागमन प्रभावित हो गया है और बाढ़ पीड़ितों के सामने भोजन का संकट भी खड़ा हो गया है।
बाढ़ प्रभावित ग्रामीणों तक राहत पहुंचाने के लिए तहसील प्रशासन ने अभियान शुरू किया है। बुधवार को निघासन एसडीएम यदुवीर सिंह ट्रैक्टर से बाढ़ प्रभावित गांवों में पहुंचे और ग्रामीणों का हाल जाना। उन्होंने बाढ़ पीड़ितों को लंच पैकेट वितरित कर राहत व्यवस्था का जायजा लिया।
निघासन तहसील क्षेत्र के पुरैना, रानीगंज, खमरिया, बैलहा समेत कई गांव भीषण बाढ़ की चपेट में हैं। गांवों में पानी भर जाने के कारण ग्रामीणों का आवागमन प्रभावित है। ऐसे में तहसील प्रशासन की टीम लगातार प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचकर राहत कार्यों की निगरानी कर रही है।
एसडीएम यदुवीर सिंह के साथ तहसीलदार देवमणि त्रिपाठी, नायब तहसीलदार अभिषेक कुमार, राजस्व निरीक्षक लक्ष्मण माधव और लेखपाल श्वेता सिंह समेत राजस्व विभाग की टीम मौजूद रही।
लंच पैकेट की गुणवत्ता पर एसडीएम ने जताई नाराजगी
बाढ़ पीड़ितों को बांटे जा रहे लंच पैकेट की गुणवत्ता को लेकर भी शिकायत सामने आई। पैकेटों की गुणवत्ता ठीक नहीं मिलने पर एसडीएम यदुवीर सिंह ने नाराजगी जताई और संबंधित जिम्मेदारों को फटकार लगाई।
एसडीएम ने तत्काल फूड इंस्पेक्टर को मौके पर बुलाकर लंच पैकेटों की जांच कराई। जांच में पैकेटों की गुणवत्ता संतोषजनक नहीं पाए जाने पर सभी पैकेट वापस करा दिए गए। इसके बाद दूसरे लंच पैकेट मंगवाकर बाढ़ पीड़ितों में वितरित किए गए।
प्रशासन की टीम ने ग्रामीणों से उनकी समस्याओं की जानकारी ली और प्रभावित लोगों को हरसंभव राहत उपलब्ध कराने का भरोसा दिया।