महापौर ने की जोन-7 की समीक्षा बैठक: जनसुविधाओं को लेकर अधिकारियों को दिए दिशा-निर्देश

लखनऊ। महापौर सुषमा खर्कवाल ने सोमवार को जोन-7 कार्यालय में जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर क्षेत्र की विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया। बैठक में स्वच्छता, डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण, जल निकासी, अतिक्रमण, स्ट्रीट लाइट, राजस्व वसूली तथा नागरिक सुविधाओं से जुड़े विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।

वार्डवार स्वच्छता व्यवस्था को और मजबूत बनाने पर जोर

मेयर लखनऊ सुषमा खर्कवाल ने कहा कि स्वच्छ सर्वेक्षण-2026 को ध्यान में रखते हुए प्रत्येक वार्ड में सफाई व्यवस्था को और बेहतर बनाया जाए। डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण की नियमित निगरानी की जाए तथा यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी क्षेत्र या बस्ती इस व्यवस्था से वंचित न रहे। उन्होंने कहा कि स्वच्छता कार्यों में लापरवाही किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं की जाएगी।

जनप्रतिनिधियों के सुझावों को प्राथमिकता से अमल में लाने के निर्देश

बैठक के दौरान पार्षदों एवं जनप्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याओं और आवश्यकताओं को विस्तार से रखा। महापौर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाए गए विषयों पर कार्ययोजना बनाकर प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई की जाए तथा उनकी नियमित मॉनिटरिंग भी की जाए।

बरसात से पहले जलभराव वाले क्षेत्रों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश

महापौर सुषमा खर्कवाल ने कहा कि मानसून के दौरान नागरिकों को जलभराव की समस्या का सामना न करना पड़े, इसके लिए अभी से तैयारी पूरी कर ली जाए। नालों की सफाई, चैंबरों की सफाई और जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। साथ ही संवेदनशील क्षेत्रों की सूची तैयार कर वहां अतिरिक्त व्यवस्था करने को कहा गया।

अतिक्रमण हटाने और यातायात को सुगम बनाने के लिए चलाया जाए अभियान

बैठक में सड़क किनारे, सर्विस रोड और सार्वजनिक स्थलों पर बढ़ते अतिक्रमण पर भी चर्चा हुई। महापौर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई नियमित रूप से की जाए ताकि नागरिकों को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो और शहर की व्यवस्था सुचारु बनी रहे।

वेंडिंग जोन और बाजार क्षेत्रों को व्यवस्थित करने के निर्देश

महापौर ने कहा कि वेंडिंग जोन की व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाया जाए तथा निर्धारित नियमों का पालन सुनिश्चित कराया जाए। बाजार क्षेत्रों और सार्वजनिक स्थलों पर स्वच्छता एवं व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष ध्यान देने के निर्देश भी दिए गए।

स्ट्रीट लाइट, पेयजल एवं अन्य सुविधाओं की नियमित समीक्षा की जाए

बैठक में स्ट्रीट लाइट, पेयजल आपूर्ति एवं अन्य नागरिक सुविधाओं की भी समीक्षा की गई। महापौर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि खराब स्ट्रीट लाइटों को शीघ्र ठीक कराया जाए तथा नागरिक सुविधाओं से संबंधित शिकायतों का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए।

अगली बैठक में कार्यों की प्रगति का विवरण प्रस्तुत करने के निर्देश

महापौर सुषमा खर्कवाल ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि बैठक में दिए गए सभी निर्देशों पर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि अगले समीक्षा बैठक में स्वच्छता, अतिक्रमण नियंत्रण, जल निकासी और नागरिक सुविधाओं से संबंधित कार्यों की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए ताकि विकास कार्यों की निरंतर निगरानी की जा सके।