
बाराबंकी। शिक्षक दिवस के उपलक्ष्य में 5 सितम्बर को लोकभवन, लखनऊ में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह एवं माध्यमिक शिक्षा मंत्री गुलाब देवी ने कंपोजिट विद्यालय मनेरा की सहायक अध्यापिका लक्ष्मी सिंह को राज्य अध्यापक पुरस्कार 2024 से सम्मानित किया।
लक्ष्मी सिंह ने 10 फरवरी 2009 को प्राथमिक विद्यालय खुटौली में सहायक अध्यापक के रूप में कार्यभार ग्रहण किया था। 20 जुलाई 2011 को जब उनकी तैनाती प्राथमिक विद्यालय मनेरा में हुई, तब विद्यालय की स्थिति बेहद खराब थी। लेकिन उन्होंने विभागीय अधिकारियों एवं ग्राम प्रधान के सहयोग से विद्यालय का कायाकल्प कर दिया।
उनके प्रमुख कार्य:
अभिभावकों से डोर-टू-डोर संवाद करके नामांकन बढ़ाया।
विद्यालय को अंग्रेजी माध्यम बनवाया।
बच्चों के लिए फर्नीचर और स्मार्ट क्लास की सुविधा उपलब्ध कराई।
ICT के अंतर्गत लैपटॉप, मोबाइल, स्मार्ट टीवी का उपयोग कर ऑनलाइन शिक्षा शुरू की।
अभिभावकों से निरंतर संपर्क हेतु स्कूल डायरी की व्यवस्था की।
उनके नवाचारों के चलते बच्चे विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में सफल हुए। अब तक उन्हें लगभग 33 सम्मानों से नवाज़ा जा चुका है, जिनमें मिशन शक्ति, वृक्षारोपण कार्यक्रम, स्वच्छता अभियान आदि के लिए भी सम्मान शामिल है। 2023 में उन्हें राज्य स्तरीय ICT अवार्ड से उत्तर प्रदेश के राज्यपाल ने सम्मानित किया था।
राज्य अध्यापक पुरस्कार से सम्मानित होने पर क्षेत्र और जिले में हर्ष की लहर दौड़ गई। शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई दी और इसे जनपद का गौरव बताया।