अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर रामनगर में हुआ व्यापक योगाभ्यास, SDM से लेकर छात्र-छात्राओं तक ने लिया हिस्सा

रामनगर (बाराबंकी)।
स्वस्थ और निरोग शरीर के लिए योग अत्यंत आवश्यक है, क्योंकि स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मस्तिष्क का निवास होता है। यह संदेश उप जिलाधिकारी रामनगर विवेकशील यादव ने यूनियन इंटर कॉलेज रामनगर में आयोजित योगाभ्यास कार्यक्रम के दौरान दिया। कार्यक्रम का संयोजन प्रधानाचार्य डॉ. कमलेश कुमार सिंह ने किया।

इस अवसर पर योग प्रशिक्षिका अवंतिका सिंह ने उपस्थित लोगों को ताड़ासन, सर्वांगासन और सूक्ष्म योगासन सहित विभिन्न आसनों का अभ्यास कराया। कार्यक्रम में तहसीलदार महिमा मिश्रा, नायब तहसीलदार सैयद तहजीब हैदर, प्राध्यापक धर्मेंद्र पांडेय, डॉ. विनोद कुमार वर्मा, सुधाकर दीक्षित, संध्या श्रीवास्तव, अंतिमा श्रीवास्तव, संतराम वर्मा, दीपा सिंह, मोहम्मद इसराइल, शिवेश मिश्रा, जयप्रकाश, राघवेंद्र, रूपेश सिंह, रमेश सिंह सहित भारी संख्या में छात्र-छात्राओं ने सहभागिता की।

वहीं पी.जी. कॉलेज रामनगर में आयोजित योग कार्यक्रम का संयोजन प्राचार्य डॉ. भूपेंद्र विक्रम मिश्र ने किया। कार्यक्रम में योग प्रशिक्षक अरविंद कुमार ने प्राध्यापकों और छात्र-छात्राओं को योगाभ्यास कराया।

थाना परिसर रामनगर में भी योग दिवस पर विशेष योग सत्र आयोजित हुआ, जहां प्रशिक्षक शत्रुघ्न ने थाना प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार पांडेय सहित समस्त पुलिसकर्मियों को योगाभ्यास कराया। इस दौरान थाना प्रभारी ने कहा कि निरंतर योग से ही शरीर और मन दोनों स्वस्थ रह सकते हैं।

गायत्री चिल्ड्रन एकेडमी विद्यालय में भी छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने सामूहिक रूप से योगाभ्यास किया।

इसी क्रम में ब्लॉक मुख्यालय रामनगर, शिव मंदिर प्रांगण महादेवा, और अन्य कई स्थानों पर भी अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर योगाभ्यास कार्यक्रमों का आयोजन हुआ, जिनमें ग्रामीणों और नगरवासियों की सक्रिय सहभागिता रही।