
लखनऊ,। राष्ट्रकवि रामधारी सिंह दिनकर की पुण्यतिथि के अवसर पर उनकी कालजयी रचना रश्मिरथी के 75 वर्ष पूर्ण होने पर राजधानी लखनऊ में 24 से 26 अप्रैल तक इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में भव्य ‘रश्मिरथी पर्व’ का आयोजन किया जाएगा। तीन दिवसीय इस आयोजन में साहित्य, विरासत और राष्ट्र चेतना का अनूठा संगम देखने को मिलेगा।यह जानकारी प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने लोकभवन स्थित मीडिया सेंटर में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान दी। इस अवसर पर कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही भी मौजूद रहे। मंत्री ने बताया कि आयोजन में स्वामी विवेकानन्द, बाल गंगाधर तिलक और अटल बिहारी वाजपेयी के जीवन, कृतित्व एवं काव्य पर आधारित नाट्य मंचन और नृत्य नाटिकाएं प्रस्तुत की जाएंगी।उन्होंने कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य युवा पीढ़ी को राष्ट्र नायकों, साहित्यकारों और उनके विचारों से जोड़ना है, ताकि राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को समझा जा सके। इस क्रम में मऊ निवासी प्रख्यात रंगकर्मी मुजीब खान के निर्देशन में नाटक का मंचन किया जाएगा, जबकि शिमला की कत्थक कलाकार पूनम शर्मा के निर्देशन में ‘अटल स्वरांजलि’ नामक संगीतमय नृत्य नाटिका प्रस्तुत होगी, जो अटल जी की कविताओं पर आधारित होगी।राष्ट्रकवि दिनकर की रचनाएं स्वतंत्रता संग्राम के दौरान देशवासियों में जोश और स्वाभिमान का संचार करती थीं। उनकी प्रमुख कृतियों में ‘रश्मिरथी’, ‘हुंकार’, ‘कुरुक्षेत्र’, ‘उर्वशी’ और ‘परशुराम की प्रतीक्षा’ शामिल हैं, जिन्होंने समाज को नई ऊर्जा और दिशा दी।मंत्री ने कहा कि यह आयोजन दिनकर जी की साहित्यिक विरासत को सम्मान देने के साथ ही नई पीढ़ी को उनके विचारों से जोड़ने का महत्वपूर्ण प्रयास है। इसके माध्यम से समाज में राष्ट्र चेतना, स्वाभिमान और सांस्कृतिक मूल्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाई जाएगी। कार्यक्रम में विद्यालयों और विश्वविद्यालयों के छात्रों की भागीदारी भी सुनिश्चित की जाएगी।कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने कहा कि राष्ट्रकवि दिनकर के व्यक्तित्व और कृतित्व को नए दृष्टिकोण से समझने की आवश्यकता है। उन्होंने साहित्य के माध्यम से देशवासियों में स्वतंत्रता के लिए चेतना जगाई और समाज सुधार में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।अपर मुख्य सचिव पर्यटन, संस्कृति एवं धर्मार्थ कार्य अमृत अभिजात ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर महापुरुषों के जीवन और योगदान पर आधारित नृत्य नाटिकाओं के आयोजन की श्रृंखला के तहत यह कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है।