सतरही में मौत बनकर दौड़ी आग: कंटेनर-डंपर की भिड़ंत में चालक जिंदा जला, हाईवे पर मची चीख-पुकार


बाराबंकी। हैदरगढ़ कोतवाली क्षेत्र में गुरुवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। सतरही रेलवे क्रॉसिंग के पास ईंट से लदे ट्रक और मोरंग भरे डंपर की आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत के बाद दोनों वाहनों में आग लग गई। कुछ ही मिनटों में दोनों वाहन आग के गोले में तब्दील हो गए। हादसे में ट्रक चालक की केबिन में जिंदा जलकर दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो लोग किसी तरह कूदकर अपनी जान बचाने में सफल रहे।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहनों के अगले हिस्से पूरी तरह चकनाचूर हो गए। भिड़ंत के तुरंत बाद तेज धमाके के साथ आग भड़क उठी और देखते ही देखते आग ने दोनों वाहनों को अपनी चपेट में ले लिया। हाईवे पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। राहगीरों ने आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग की लपटें इतनी भीषण थीं कि कोई वाहन के पास तक नहीं पहुंच सका।
पुलिस के अनुसार गुरुवार रात करीब 11 बजे ट्रक संख्या UP 32 KN 5175, जिसमें ईंट लदी थी, अहमदपुर बाराबंकी से महोबा जा रहा था। वहीं डंपर संख्या UP 71 BT 8006, जिसमें मोरंग भरी थी, बांदा से बाराबंकी की ओर आ रहा था। सतरही गांव के पास दोनों वाहन आमने-सामने टकरा गए।
हादसे में ट्रक चालक धर्मेंद्र पाल (32) पुत्र रामशरण निवासी मंसूर पुरवा थाना असंद्रा, बाराबंकी केबिन में फंस गया। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि वह बाहर नहीं निकल सका और जिंदा जल गया। वहीं डंपर का क्लीनर रोशन सिंह निवासी उमगरा थाना ठठिया जनपद कन्नौज और ट्रक का क्लीनर रामनरेश रावत निवासी टेण्वां थाना कोठी, बाराबंकी किसी तरह वाहन से कूदकर बाहर निकल आए, जिससे उनकी जान बच गई।
घटना की सूचना मिलते ही हैदरगढ़ पुलिस और फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक दोनों वाहनों के इंजन पूरी तरह जल चुके थे। हादसे के चलते हैदरगढ़-भिटरिया मार्ग पर लंबा जाम लग गया। बाद में क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात बहाल कराया गया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। देर रात तक हादसे को लेकर इलाके में दहशत और सनसनी का माहौल बना रहा।