
मुंगराबादशाहपुर। सावन मास की तेरस पर प्रयागराज से गंगाजल लेकर सुजानगंज स्थित गौरी शंकर धाम में जलाभिषेक के लिए जा रहे कांवरियों की भीड़ से कांवड़ मार्ग बोल बम के जयकारों से गूंज उठा। कांवरियों की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था का जायजा लेने के लिए सोमवार को उप जिलाधिकारी अजय उपाध्याय और क्षेत्राधिकारी प्रतिमा वर्मा ने कांवड़ मार्ग का सघन निरीक्षण किया।
अधिकारियों ने प्रमुख कांवड़ मार्गों, बैरिकेडिंग, पुलिस ड्यूटी प्वाइंट और यातायात व्यवस्था को परखा। सीओ प्रतिमा वर्मा ने थाना प्रभारी अश्वनी दुबे को निर्देश दिया कि कांवड़ मार्ग पर किसी भी दशा में भारी वाहनों और चार पहिया वाहनों का प्रवेश न होने दिया जाए। इसके लिए लगातार पेट्रोलिंग करने और संवेदनशील स्थानों पर पुलिसकर्मियों की तैनाती के निर्देश दिए गए।रात में सड़क किनारे विश्राम करने वाले कांवरियों की सुरक्षा को लेकर भी अधिकारियों ने गंभीरता दिखाई। विशेष टीम गठित कर रातभर गश्त करने और कांवरियों को सड़क से हटाकर सुरक्षित स्थानों व सेवा शिविरों में विश्राम कराने के निर्देश दिए गए।एसडीएम और सीओ ने विश्वनाथ मंदिर मुगरडीह सहित सर्ववैश्य समाज क्षेत्रीय समिति के सेवा शिविरों का निरीक्षण किया। भोजन की गुणवत्ता और व्यवस्थाओं की जानकारी ली। इसके अलावा ढाबों और रेस्टोरेंटों पर पहुंचकर कांवरियों से खाद्य पदार्थों की कीमतों के बारे में पूछताछ की। दुकानदारों को रेट लिस्ट के अनुसार ही सामान बेचने की हिदायत दी गई। अधिक वसूली मिलने पर कार्रवाई की चेतावनी दी गई।निरीक्षण के दौरान डीजे पर सवार कुछ कांवरियों को अधिकारियों ने नीचे उतरवाया। सीओ ने हाईटेंशन तारों से हादसे की आशंका बताते हुए सावधानी बरतने की अपील की। अधिकारियों ने कहा कि कांवर यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।