खराब रास्ते की वजह से SDM राजेश विश्वकर्मा ट्रैक्टर से पहुंचे तट पर, किया निरीक्षण


परियर। उन्नाव।बुधवार को गुरु पूर्णिमा व आषाढ़ पूर्णिमा परियर गंगा तट पर विशाल गंगा स्नान मेला लगना है। 30 जुलाई से सावन माह शुरू होगा और कावड़ियों के जत्थे भी निकलेंगे। लेकिन लाखों श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए बन रही सड़क अभी तक नहीं बन सकी है।
रास्ता इतना खराब है कि उपजिलाधिकारी सदर राजेश विश्वकर्मा को तहसीलदार मनीष द्विवेदी और नायब तहसीलदार आशीष त्रिपाठी के साथ ट्रैक्टर से गंगा तट पहुंचकर निरीक्षण करना पड़ा। प्रशासनिक अधिकारियों के ट्रैक्टर से तट तक जाने से साफ जाहिर है कि सड़क की हालत कितनी बदतर है।
कार्यदाई संस्था द्वारा सिर्फ औपचारिकता निभाते हुए पत्थर और मिट्टी डालकर काम चलाया जा रहा है। पुलिया का काम भी अधूरा पड़ा है। जिलाधिकारी द्वारा दिया गया अल्टीमेटम भी फेल हो चुका है।
स्थानीय लोगों गुड्डू, भानु, सुधीर,बाबू ने नाराजगी जताते हुए कहा कि हर साल मेले से पहले ऐसे ही खानापूर्ति होती है। अगर समय रहते पक्की सड़क और साफ-सफाई नहीं हुई तो श्रद्धालुओं को भारी परेशानी होगी।