
कोसीकलां। भारतीय जनता पार्टी द्वारा चलाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत कोसीकलां क्षेत्र में विभिन्न सेवा एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान विद्यार्थियों के लिए चित्रकला, भाषण एवं सामान्य ज्ञान प्रतियोगिताएं आयोजित करने के साथ ही ग्रामीण क्षेत्र में विशेष स्वच्छता अभियान चलाकर लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया।
नगर के सरस्वती विद्या मंदिर में आयोजित प्रतियोगिताओं का दीप प्रज्वलित कर शुभारंभ किया गया। चित्रकला, भाषण एवं सामान्य ज्ञान प्रतियोगिताओं में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
इस अवसर पर मंत्री प्रतिनिधि नरदेव चौधरी ने कहा कि विद्यार्थियों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। इस प्रकार की प्रतियोगिताएं बच्चों की प्रतिभा को निखारने के साथ-साथ उनमें आत्मविश्वास, रचनात्मकता और ज्ञान की भावना को बढ़ावा देती हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से शिक्षा के साथ सामाजिक गतिविधियों में भी सक्रिय भागीदारी करने का आह्वान किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
वहीं, नंदगांव विकासखंड के ग्राम हुलवाना में विशेष स्वच्छता एवं साफ-सफाई अभियान चलाया गया। कैबिनेट मंत्री चौधरी लक्ष्मीनारायण के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं ने श्रमदान कर ग्रामीणों को स्वच्छता का संदेश दिया। कार्यकर्ताओं ने गांव के विभिन्न स्थानों पर साफ-सफाई की और ग्रामीणों को स्वच्छ वातावरण बनाए रखने के लिए प्रेरित किया।
कैबिनेट मंत्री चौधरी लक्ष्मीनारायण ने कहा कि स्वच्छता स्वस्थ एवं सुंदर समाज की नींव है। साफ-सफाई केवल किसी एक व्यक्ति या संस्था की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। उन्होंने ग्रामीणों से अपने घर, गली और आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ रखने तथा स्वच्छता अभियानों में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में भाजपा नेता दीपक बड़गूजर, कोसी मंडल अध्यक्ष सौरभ जैन, सरस्वती विद्या मंदिर के प्रधानाचार्य कुमुदेश कुमार, कर्मवीर चौधरी सहित दर्जनों भाजपा कार्यकर्ता, विद्यालय परिवार, छात्र-छात्राएं एवं ग्रामीण मौजूद रहे।