‘श्रीराम मंदिर निर्माण’ प्रारम्भ प्रदेश की बहुत बड़ी उपलब्धि: मुख्यमंत्री योगी

यूपी सीएम ने पेश किया चार वर्ष का रिपोर्ट कार्ड

लखनऊ।
 उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने सरकार का 4 साल का रिपोर्ट कार्ड पेश किया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को राज्य सरकार का लगातार समर्थन करने के लिए धन्यवाद दिया और कहा कि जल्द ही उत्तर प्रदेश जीडीपी के मामले में भारत का सबसे बड़ा राज्य बन जाएगा। बताते चलें कि, आदित्यनाथ की अगुवाई वाली सरकार का गठन 2017 में हुआ था जब भाजपा ने विधानसभा चुनावों में प्रचंड बहुमत हासिल किया था।

ये है सबसे बड़ी उपलब्धि

यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ ने चार साल पूरे होने पर अपनी सरकार की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। अयोध्या में भगवान श्री राम मंदिर निर्माण के सम्बन्ध में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि, श्री राम मन्दिर निर्माण का प्रारंभ ही प्रदेश की बहुत बड़ी उपलब्धि है। बताते चलें कि, पीएम नरेन्द्र मोदी  के हाथों से प्रभु श्रीराम मंदिर का अयोध्या में शिलान्यास हुआ था।

सात नगरों बन रहे स्मार्ट सिटी

उन्होंने कहा कि, ‘जल्द ही उत्तर प्रदेश जीएसडीपी के मामले में भारत का सबसे बड़ा राज्य बन जाएगा। मीडिया से बात करते हुए सीएम ने कहा, ‘पिछले चार वर्षों में, यूपी देश के विकास इंजन के रूप में उभरा है। हमारा लक्ष्य राज्य को सकल राज्य घरेलू उत्पाद (जीएसडीपी) के मामले में भारत की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनाना है।’ सीएम योगी ने कहा कि, एक जनपद-एक उत्पाद योजना देश भर के लिए मिसाल बनकर उभरी है। हुनरमंद लोगों की कला को मदद मिली है। उन्होंने बताया कि कुल सात नगर निगम केंद्र से चयनित हुए हैं। सात नगरों को प्रदेश सरकार स्मार्ट सिटी बना रही है।

गंगा की गोद में डाॅल्फिन की अठखेलियां

नमामि गंगे मिशन पर बोलते हुए उन्होनें कहा कि, यह यूपी का सौभाग्य है कि यहां मां गंगा सबसे ज्यादा दूरी तय करती हैं। आज माँ गंगा की गोद मे फिर से डॉल्फिन की अठखेलियाँ हो रही हैं। नमामि गंगे मिशन के तहत बड़ा कार्य हुआ है। हल्दिया से लेकर वाराणसी तक का जलमार्ग बनाया गया है। शीघ्र ही यह जलमार्ग प्रयागराज तक अपनी यात्रा तय करेगा।

54 लाख बच्चों ने लिया एडमिशन

शिक्षा के क्षेत्र में प्रदेश सरकार द्वारा किये गये धरातलीय परिवर्तनों के सम्बन्ध में चर्चा करते हुए उन्होनें कहा कि, यूपी में शिक्षा के क्षेत्र में व्यापक परिवर्तन किये गये हैं। कुल 54 लाख बच्चों ने प्राथमिक स्कूलों में प्रवेश लिया है। माध्यमिक शिक्षा में एनसीआरटी का पाठ्यक्रम लागू हुआ है। उच्च शिक्षा के लिए नए विश्वविद्यालय शुरू हुए हैं। अभ्युदय योजना पर बोलते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि, 18 लाख बच्चे मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना से फिजिकली और वर्चुअली जुड़े हैं। इन छात्रों को प्रतियोगिता के क्षेत्र में अपना जीवन बनाने का अवसर मिला। श्रमिक बच्चों के लिए 18 अटल आवासीय विद्यालय स्थापित किये गए हैं।

दर्जन भर से ज्यादा नये मेडिकल काॅलेज

स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में प्रदेश सरकार द्वारा पिछले चार सालों में की गई प्रगति के सम्बन्ध में यूपी सीएम ने बताया कि, उत्तर प्रदेश हेल्थ इन्फ्रास्ट्रक्चर में सबसे कमजोर माना जाता था। पिछले दिनों में यूपी ने बदली हुई तस्वीर दिखाई। यूपी में सबसे बेहतर कोरोना प्रबंधन हुआ है। उत्तर प्रदेश में दर्जन भर से ज्यादा नए मेडिकल कालेज बनाये गये हैं। साथ ही, इंसेफ्टलाइटिस बीमारी पर 75 फीसदी नियंत्रण हुआ है। इंसेफ्टलाइटिस से होने वाली मौतों पर 95 प्रतिशत नियंत्रण हुआ है।

जिला स्तर पर बन रहे एयरपोर्ट

यूपी में बिछाये गये सड़कों के जाल के सम्बन्ध में योगी ने बताया कि, चार वर्ष में चार नए एक्सप्रेस-वे बनाकर कनेक्टिविटी बढ़ाई गई है। 3 नए इंटरनेशनल एयरपोर्ट लगभग तैयार हो चुके हैं। जिला स्तर पर 17 नए एयरपोर्ट जिला स्तर पर बन रहे हैं। वायु सेवा के क्षेत्र यूपी बेहद तेजी से आगे बढ़ रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *