
लखनऊ। समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने गाजीपुर की घटना के विरोध में राजधानी के हजरतगंज में जोरदार प्रदर्शन किया। सपा छात्र सभा और युवा सभा के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में हजरतगंज चौराहे पर एकत्र हुए और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
प्रदर्शनकारियों ने “बेटियों पर अत्याचार बंद करो” और “दोषियों को सजा दो” जैसे पोस्टर-बैनर लेकर विरोध जताया। गाजीपुर में सपा प्रतिनिधिमंडल पर हुए पथराव की घटना के बाद लखनऊ में सियासी तापमान तेज हो गया है।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार के खिलाफ तीखे नारे लगाए और घटना में शामिल आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। हालात को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया।
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए उत्तर प्रदेश पुलिस ने कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया। हिरासत में लिए गए सपा कार्यकर्ताओं को बाद में इको गार्डन भेज दिया गया।
सपा नेताओं का कहना है कि जब तक दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई नहीं होती, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। वहीं प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सतर्कता बरत रहा है।