STF-NOIDA और डकैतों में मुठभेड़: 1 लाख के इनामी बदमाश विनोद गड़ेरिया ढेर


उत्तर प्रदेश एसटीएफ की नोएडा यूनिट और डकैतों के गैंग के बीच आज सायंकाल थाना जहांगीराबाद क्षेत्र, जनपद बुलंदशहर में मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ के दौरान एक बदमाश गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हुआ, जिसे इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया, लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

मृतक बदमाश की पहचान विनोद गड़ेरिया पुत्र सीताराम निवासी इसोपुर खुरगान, थाना कैराना, जनपद शामली के रूप में हुई है। विनोद पर मुज़फ्फरनगर से डकैती के 6 से अधिक मामलों में वांछित होने के साथ-साथ ₹1 लाख का इनाम घोषित था।

विनोद गड़ेरिया का आपराधिक इतिहास बेहद लंबा और गंभीर रहा है। 2006 से वह अपराध की दुनिया में सक्रिय था। उस पर डकैती, हत्या, लूट और संगठित अपराध के कुल 40 से अधिक मुकदमे मुज़फ्फरनगर, शामली, बागपत समेत कई जिलों में दर्ज हैं।

यह भी सामने आया है कि विनोद को 2012 के एक मामले में माननीय न्यायालय द्वारा 7 वर्ष की सजा सुनाई जा चुकी थी। वह लंबे समय से पुलिस और कानून-व्यवस्था के लिए चुनौती बना हुआ था।

एसटीएफ और स्थानीय पुलिस द्वारा इस कार्रवाई को अपराध के खिलाफ एक बड़ी सफलता के रूप में देखा जा रहा है। पुलिस अब मुठभेड़ में शामिल अन्य बदमाशों की तलाश में जुटी हुई है।