
लखनऊ। राजधानी लखनऊ में तेलुगु समुदाय के लिए एक नए और सशक्त दौर की शुरुआत हो गई है। तेलुगु एसोसिएशन लखनऊ (TAL) ने 27 मार्च को व्हील्स क्लब में आयोजित आम सभा में नई कार्यकारिणी समिति की घोषणा की। राम नवमी की पूर्व संध्या पर आयोजित इस बैठक में बड़ी संख्या में तेलुगु समाज के लोग शामिल हुए।
नई कार्यकारिणी में वरिष्ठ IAS अधिकारी एल. वेंकटेश्वरलु को मुख्य संरक्षक बनाया गया है, जबकि के. रविंदर नाइक, IAS को सर्वसम्मति से अध्यक्ष चुना गया। उपाध्यक्ष पद की जिम्मेदारी पूर्व CMD एनसी रेलवे डॉ. के. सुधा राव और श्री सतीश को सौंपी गई है। महासचिव के रूप में वरिष्ठ शिक्षाविद् सुधाकर रेड्डी का चयन किया गया है।
इसके अलावा डॉ. अदापा और श्रीमती सुचिता को संयुक्त सचिव बनाया गया है। कोषाध्यक्ष पद की जिम्मेदारी सिद्धार्थ रेड्डी को दी गई है, जबकि के. विश्वदेव राव को मीडिया समन्वयक नियुक्त किया गया है। क्षेत्रीय सदस्यों में रंगा राव, कार्तिक, नागेश्वर राव, गीता और यू.वी. किरण को शामिल किया गया है।
कार्यक्रम की शुरुआत निवर्तमान अध्यक्ष डी.एन. रेड्डी के कार्यकाल रिपोर्ट से हुई, जिसमें उन्होंने सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधियों का विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया। इसके बाद पूर्व कार्यकारिणी के सदस्यों को उनके योगदान के लिए सम्मानित भी किया गया।
नई कार्यकारिणी में अनुभवी प्रशासनिक अधिकारियों और विशेषज्ञों की भागीदारी से तेलुगु समुदाय के सामाजिक कल्याण, सांस्कृतिक गतिविधियों और संगठनात्मक विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है।