टोक्यो पैरालंपिक: भारत ने स्वर्ण पदक का खोला खाता, अवनि लेखरा ने हासिल किया गोल्ड

नई दिल्ली। टोक्यो ओलंपिक के बाद पैरालंपिक में भी भारतीय खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन देखने को मिल रहा है। टोक्यो पैरालंपिक में अवनि लेखरा ने भारत के लिए पहला स्वर्ण जीता है। उन्होंने महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल स्टैंडिंग एसएच1 इवेंट में यह उपलब्धि हासिल की। लेखरा ने फाइनल में 249.6 अंक हासिल किए और वर्ल्ड रिकॉर्ड की बराबरी की। तो वहीं भारत को गौरवान्वित करते हुए, भारत के डिस्कस थ्रोअर योगेश कथुनिया ने अंतिम F56 श्रेणी में रजत पदक जीता। योगेश 44.38 मीटर के अपने उत्तम प्रयास के साथ दूसरे स्थान पर रहे।

अवनि का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 

बता दें कि अवनि ने फाइनल में 7वें स्थान के साथ क्वालीफाई किया था और कुल 621.7 अंक हासिल किए थे। लेकिन उन्होंने फाइनल में अपने खेल में काफी सुधार किया और बेहतरीन प्रदर्शन किया। उन्होंने तीसरे और चौथे प्रयास में 104.9, 104.8 अंक हासिल किए और आखिरी प्रयास में 104.1 अंक जुटाए थे। इसके साथ ही उनका स्वर्ण पदक पक्का हो गया।

पीएम ने दी बधाई

प्रधानमंत्री मोदी ने अवनि को बधाई देते हुए लिखा, ‘असाधारण प्रदर्शन। अवनि लेखरा! कड़ी मेहनत और स्वर्ण जीतने के लिए बधाई। आपके मेहनती स्वभाव और शूटिंग के प्रति जुनून के कारण यह संभव हुआ। यह वास्तव में भारतीय खेलों के लिए एक विशेष क्षण है। आपके भविष्य के प्रयासों के लिए शुभकामनाएँ।’

अब तक भारत ने कुल 6 पदक जीते

अवनि लेखरा और योगेश कथुनिया से इतर देवेंद्र झाझरिया और सुंदर सिंह गुर्जर ने पुरुषों की भाला फेंक F46 स्पर्धा में क्रमशः रजत और कांस्य पदक जीता है। निषाद कुमार ने पुरुषों के ऊँची कूद स्पर्द्धा में रजत पदक जीता है। भाविना पटेल ने भी टेबल टेनिस क्लास 4 की महिला एकल स्पर्धा में रजत पदक जीता है। वह फाइनल में चीन की झाउ यिंग के ख़िलाफ़ स्वर्ण पदक से चूक गईं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *