स्कूल चलो अभियान के दूसरे चरण का शुभारंभ: शिक्षा से वंचित हर बच्चे को स्कूल से जोड़ने का संकल्प

बाराबंकी। जिले में शैक्षिक सत्र 2026-27 के तहत गुरुवार को स्कूल चलो अभियान के दूसरे चरण का शुभारंभ कलेक्ट्रेट परिसर स्थित लोक सभागार में किया गया। कार्यक्रम में शिक्षा से वंचित प्रत्येक बच्चे को विद्यालय से जोड़ने तथा शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करने का संकल्प लिया गया। इस अवसर पर पिछले वर्ष की तुलना में सर्वाधिक नामांकन कराने वाले पांच प्रधानाध्यापकों को प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया, जबकि परिषदीय विद्यालयों के छात्र-छात्राओं को निशुल्क पुस्तकें भी वितरित की गईं।

कार्यक्रम का शुभारंभ जिला पंचायत अध्यक्ष राजरानी रावत और विधान परिषद सदस्य अंगद कुमार सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित कर तथा मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण करके किया। छात्र-छात्राओं ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत कर कार्यक्रम को सांस्कृतिक गरिमा प्रदान की। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी नवीन कुमार पाठक ने अभियान की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए बताया कि छह से 14 वर्ष आयु वर्ग के प्रत्येक बच्चे का विद्यालय में नामांकन सुनिश्चित करने और पढ़ाई छोड़ चुके बच्चों को दोबारा शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत शिक्षक, शिक्षामित्र और अनुदेशक घर-घर जाकर विद्यालय से बाहर बच्चों का चिन्हांकन करेंगे और अभिभावकों को शिक्षा के प्रति जागरूक करेंगे।

‘कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे’

जिला पंचायत अध्यक्ष राजरानी रावत ने कहा कि शिक्षा प्रत्येक बच्चे का मौलिक अधिकार है। उन्होंने शिक्षकों से घर-घर संपर्क कर अभिभावकों को जागरूक करने और यह सुनिश्चित करने का आह्वान किया कि जिले का कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे। उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा ही विकसित भारत की मजबूत नींव है। वहीं, विधान परिषद सदस्य अंगद कुमार सिंह ने कहा कि शिक्षा समाज और राष्ट्र के समग्र विकास का आधार है।

उन्होंने अभिभावकों से बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजने तथा स्कूल चलो अभियान को जनभागीदारी का अभियान बनाने की अपील की। कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य अवधेश वर्मा और मुख्य विकास अधिकारी अन्ना सुदन ने भी अभियान की सफलता के लिए सभी विभागों, शिक्षकों, अभिभावकों और समाज के सामूहिक सहयोग पर बल दिया।

सम्मान, पुस्तक वितरण और जागरूकता रैली रही आकर्षण का केंद्र

कार्यक्रम के दौरान स्कूल चलो अभियान के प्रथम चरण में सर्वाधिक नामांकन कराने वाले पांच उत्कृष्ट प्रधानाध्यापकों को सम्मानित किया गया। साथ ही परिषदीय विद्यालयों के छात्र-छात्राओं को निशुल्क पुस्तकें वितरित की गईं। इसके बाद अतिथियों ने हरी झंडी दिखाकर स्कूल चलो जागरूकता रैली को रवाना किया। रैली के माध्यम से लोगों को बच्चों का विद्यालयों में नामांकन कराने, नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने और शिक्षा के महत्व के प्रति जागरूक किया गया।

रैली का मुख्य आकर्षण विकास खंड बंकी के कंपोजिट विद्यालय बड़ेल का घोष दल रहा। कार्यक्रम का संचालन सुभाष चंद्र तिवारी और प्रदीप श्रीवास्तव ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर खंड शिक्षा अधिकारी चंद्रशेखर यादव, जैनेन्द्र कुमार, फिजा मिर्जा सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी, शिक्षक, शिक्षामित्र, अनुदेशक, रसोइया एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।