
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मेरठ में बीए की छात्रा ललिता गौतम की हत्या का मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। इस घटना को लेकर राजनीतिक और सामाजिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। एक ओर हिंदू रक्षा दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष पिंकी भैया ने शनिवार को मेरठ कूच का एलान किया है, तो वहीं समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे। परिजनों से मिलने पहुंचे सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने न्याय की लड़ाई में हरसंभव साथ देने का भरोसा दिलाते हुए बीजेपी सरकार से परिवार की सभी मांगों को पूरा करने की अपील की।
परीक्षा देने निकली छात्रा लापता हुई, सीसीटीवी फुटेज से खुला मामला
20 वर्षीय ललिता गौतम मेरठ के टीपी नगर क्षेत्र स्थित गगन एंक्लेव की निवासी थीं और बीए की पढ़ाई कर रही थीं। 15 मई को वह परीक्षा देने के लिए घर से निकली थीं, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटीं। काफी तलाश के बाद भी कोई जानकारी नहीं मिलने पर परिजनों ने टीपी नगर थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई। पुलिस ने जांच शुरू करते हुए आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच के दौरान ललिता गांव कल्याणपुर निवासी अंकुश नामक युवक के साथ दिखाई दीं। इसके बाद पुलिस ने कई टीमें गठित कर आरोपी की तलाश तेज कर दी।
पूछताछ में हत्या की कबूली बात, गन्ने के खेत से मिला शव
पुलिस ने जांच के दौरान आरोपी अंकुश को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने ललिता की हत्या करने की बात स्वीकार कर ली। पुलिस के अनुसार, दोनों के बीच प्रेम संबंध थे। घटना वाले दिन दोनों साथ थे। इसी दौरान आरोपी ने ललिता के मोबाइल फोन में कुछ फोटो और चैट देखीं, जिसके बाद उसे शक हुआ कि उसका किसी अन्य युवक से भी संबंध है। इसी विवाद के चलते उसने ललिता की हत्या कर दी और शव को मेरठ के रोहटा थाना क्षेत्र के उपसिया जंगल स्थित गन्ने के खेत में फेंक दिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर शव बरामद कर लिया। मुख्य आरोपी अंकुश को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है, जबकि मामले के अन्य पहलुओं की जांच अभी जारी है।