
बाराबंकी। भारतीय जनता पार्टी एमएलसी अंगद कुमार सिंह ने कहा कि विधानसभा चुनाव के लिए टिकट मांगने वाले सभी दावेदारों की सोच सकारात्मक और पार्टी हित में होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि टिकट मिलना या न मिलना पार्टी का निर्णय होता है, लेकिन टिकट नहीं मिलने की स्थिति में भी सभी दावेदारों का दायित्व है कि वे पार्टी के अधिकृत प्रत्याशी का पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ सहयोग करें तथा उसे विजयी बनाने के लिए पूरी ताकत से जुटें। उन्होंने कहा कि यही सच्ची पार्टी निष्ठा और समर्पण का परिचायक है।
रामनगर, डाक बंगला में पत्रकारों से बातचीत करते हुए अंगद कुमार सिंह ने कहा कि रामनगर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा का टिकट मांगने वाले दावेदारों की संख्या काफी है। टिकट मांगना प्रत्येक समर्पित कार्यकर्ता का अधिकार है, लेकिन टिकट किसी एक को ही मिलता है। ऐसे में बाकी सभी कार्यकर्ताओं को व्यक्तिगत भावनाओं से ऊपर उठकर पार्टी उम्मीदवार के समर्थन में पूरी सक्रियता से काम करना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि टिकट पाने वाले उम्मीदवार को भी टिकट से वंचित रहे नेताओं और कार्यकर्ताओं से सम्मानजनक ढंग से संपर्क कर उनका सहयोग लेना चाहिए, जिससे संगठन और अधिक मजबूत होगा।
बीजेपी प्रत्याशी को चुनाव जिताने में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे
राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित अंगद कुमार सिंह ने कहा कि मेहनत, ईमानदारी और समाज सेवा की भावना से कार्य करने वालों को देर-सबेर पद और सम्मान दोनों अवश्य मिलते हैं। उन्होंने कहा कि आज वे जिस मुकाम पर हैं, वह उनके समाज और जनहित में किए गए कार्यों का परिणाम है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि पार्टी उन्हें विधानसभा चुनाव का टिकट देती है तो वे अपने जनसेवा के कार्यों के दम पर पूरी मजबूती के साथ चुनाव लड़ेंगे। वहीं यदि उन्हें टिकट नहीं मिलता है, तब भी वे पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ भाजपा प्रत्याशी को चुनाव जिताने में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे।
इनकी रही मौजूदगी
इस अवसर पर एमएलसी प्रतिनिधि कुलदीप सिंह, भाजपा महादेवा मंडल अध्यक्ष अमित सिंह, पूर्व मंडल अध्यक्ष अशोक शुक्ला, भाजपा युवा नेता एवं पूर्व बीडीसी अमित अवस्थी ‘मोनू’, पूर्व प्रधान रामसहारे मिश्र सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।