
प्रयागराज। थाना पूरामुफ्ती पुलिस ने नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में वांछित चल रहे एक अभियुक्त को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तारी के दौरान अभियुक्त ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी, जिसके जवाब में की गई आत्मरक्षार्थ कार्रवाई में उसके दोनों पैरों में गोली लग गई। घायल अभियुक्त को हिरासत में लेकर उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। उसके कब्जे से एक अवैध तमंचा, कारतूस और नकदी बरामद हुई है।
मुखबिर की सूचना पर ककरहा तिराहे के पास हुई गिरफ्तारी
पुलिस के मुताबिक, थाना पूरामुफ्ती में दर्ज मुकदमा संख्या 74/2026 में वांछित अभियुक्त मुशर्रफ पुत्र लाडे मियां निवासी अहमदपुर पावन, थाना पूरामुफ्ती की तलाश की जा रही थी। 21 जून 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि अभियुक्त फतेहपुर से टिकरी जाने वाले मार्ग पर मौजूद है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने ककरहा तिराहे के पास घेराबंदी कर उसे पकड़ने का प्रयास किया। इसी दौरान अभियुक्त ने पुलिस पर जानलेवा फायरिंग कर दी।
जवाबी कार्रवाई में घायल हुआ अभियुक्त
पुलिस ने बताया कि अभियुक्त की फायरिंग के बाद आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की गई। इस दौरान मुशर्रफ के दोनों पैरों में गोली लगने से वह घायल होकर गिर पड़ा। इसके बाद पुलिस ने उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक अवैध .315 बोर तमंचा, दो जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस तथा 160 रुपये नकद बरामद किए गए।
नाबालिग से दुष्कर्म का है आरोप
पुलिस के अनुसार, पीड़ित पक्ष की ओर से दी गई तहरीर में आरोप लगाया गया था कि गांव के ही रहने वाले मुशर्रफ ने एक नाबालिग युवती के साथ दुष्कर्म किया था। शिकायत के आधार पर थाना पूरामुफ्ती में संबंधित धाराओं एवं पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया था।
अवैध हथियार बरामद होने पर दर्ज हुआ एक और मुकदमा
मुठभेड़ के दौरान अवैध हथियार और कारतूस बरामद होने के बाद अभियुक्त के खिलाफ थाना पूरामुफ्ती में मुकदमा संख्या 76/2026 धारा 109(1) बीएनएस एवं 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत एक और मामला दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि अभियुक्त के विरुद्ध नियमानुसार अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस टीम रही शामिल
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक अविनाश कुमार के नेतृत्व में थाना पूरामुफ्ती की पुलिस टीम शामिल रही। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अभियुक्त के खिलाफ आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।