विश्वविद्यालयों में जून की परीक्षाएं कराने पर कांग्रेस ने उठाए सवाल: संवेदनशील निर्णय लेने की मांग

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी के बीच विश्वविद्यालयों में जून माह में सेमेस्टर परीक्षाएं आयोजित किए जाने पर विरोध तेज हो गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पहले ही 15 मई तक परीक्षाएं संपन्न कराने के निर्देश दे चुके हैं, लेकिन कई विश्वविद्यालयों में अब भी परीक्षाएं लंबित हैं।

उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी शिक्षक प्रकोष्ठ के चेयरमैन डॉ अमित कुमार राय ने मुख्यमंत्री एवं राज्यपाल को पत्र लिखकर मांग की है कि फाइनल सेमेस्टर को छोड़कर अन्य सभी परीक्षाएं जून में नही कराई जाएं। उनका कहना है कि प्रदेश के कई जिलों में तापमान 48 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है, जिससे छात्रों और शिक्षकों के स्वास्थ्य पर गंभीर खतरा मंडरा रहा है।

संवेदनशील निर्णय लेने की मांग

कांग्रेस कमेटी शिक्षक प्रकोष्ठ के चेयरमैन डॉ अमित कुमार राय ने आरोप लगाया कि कई महाविद्यालयों में पंखे और अन्य बुनियादी सुविधाएं भी सही ढंग से काम नहीं कर रही हैं। ऐसे हालात में परीक्षा कराना उचित नहीं है। डॉ. राय ने सरकार से छात्रों और शिक्षकों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए तत्काल संवेदनशील निर्णय लेने की मांग की है।