
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में सोमवार को अचानक आए तेज आंधी-पानी और बिजली गिरने की घटनाओं ने पूरे राज्य में भारी तबाही मचा दी। जहां एक ओर इस बदले मौसम ने भीषण गर्मी से राहत दिलाई, वहीं दूसरी ओर इसकी बड़ी कीमत भी चुकानी पड़ी। अलग-अलग जिलों में हुए हादसों में कम से कम 23 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग घायल बताए जा रहे हैं। सबसे ज्यादा मौतें बिजली गिरने की घटनाओं में हुईं, जिसमें खेतों में काम कर रहे किसान और खुले स्थानों पर मौजूद लोग मुख्य रूप से प्रभावित हुए। तेज हवाओं के कारण पेड़ उखड़ गए और कई जगह दीवारें गिर गईं, जिससे हादसों की संख्या बढ़ गई। अयोध्या समेत अवध क्षेत्र में ही सात लोगों की जान चली गई।
प्रदेश के विभिन्न जिलों से हादसों की दर्दनाक खबरें सामने आईं। गोंडा जिले में पेड़ गिरने, बिजली के खंभे टूटने और खराब मौसम के कारण वाहन पलटने जैसी घटनाओं में चार लोगों की मौत हो गई। बलरामपुर में एक रिक्शा चालक की पेड़ गिरने से मौत हो गई। वहीं बहराइच और अंबेडकर नगर में दो युवकों की बिजली गिरने से जान चली गई। सोमवार सुबह अचानक मौसम ने ऐसा करवट ली कि कई जिलों में सुबह साढ़े आठ बजे ही रात जैसा अंधेरा छा गया।
बारिश और तेज हवाओं ने बदला मौसम का मिजाज
राज्य के कई हिस्सों में भारी बारिश दर्ज की गई। संभल में सबसे अधिक 130 मिमी बारिश हुई, जबकि कासगंज में 97 मिमी पानी गिरा। इसके अलावा बरेली में 54.6 मिमी, बाराबंकी में 53 मिमी, मुरादाबाद में 45 मिमी और गोरखपुर में 41.4 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई। बलरामपुर, अलीगढ़ और गोरखपुर में हवाओं की रफ्तार 80 से 85 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच गई। तेज बारिश और हवाओं के कारण तापमान में भी उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई। कई जिलों में दिन का तापमान 10 से 12 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया, जबकि बाराबंकी में अधिकतम तापमान 26.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
21 जिलों में ऑरेंज अलर्ट, अगले 2-3 दिन भारी पड़ सकते हैं
21 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने मंगलवार के लिए 21 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ तेज बारिश और ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है। करीब 30 जिलों में 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है। ऑरेंज अलर्ट वाले प्रमुख जिलों में बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, भदोही, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर, अयोध्या और अंबेडकर नगर शामिल हैं। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार 5 से 7 मई तक आंधी, बारिश और बिजली गिरने का सिलसिला जारी रह सकता है।
प्रशासन की अपील
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान घरों के अंदर रहें और अनावश्यक रूप से बाहर न निकलें। विशेष रूप से खेतों और खुले इलाकों में जाने से बचने की सलाह दी गई है। गरज-चमक के समय सुरक्षित स्थानों पर रहने और सभी जरूरी सावधानियां बरतने की अपील की गई है, ताकि किसी भी तरह की जनहानि से बचा जा सके।